आईपीएल में हार से टूटा रियल एस्टेट का कारोबारी, 11वीं मंजिल से लगाई मौत की छलांग

लखनऊ के कुर्सी रोड स्थित जनेश्वर एन्क्लेव अपार्टमेंट में आईपीएल सट्टे में भारी नुकसान से परेशान रियल एस्टेट कारोबारी प्रबल जैन (32) ने 11वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें सट्टे की लत और आर्थिक नुकसान का जिक्र किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Updated : 1 May 2026, 6:45 PM IST

Lucknow : कुर्सी रोड स्थित जनेश्वर एन्क्लेव अपार्टमेंट में एक दर्दनाक घटना हुई है। आईपीएल (IPL) में सट्टा लगाकर भारी नुकसान झेल चुके रियल एस्टेट कारोबारी ने 11वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें सट्टे की लत और आर्थिक नुकसान का जिक्र किया गया है।

मूल रूप से सीतापुर का रहने वाला था कारोबारी

जानकारी के अनुसार, मृतक प्रबल जैन मूल रूप से सीतापुर के महमूदाबाद के रहने वाले थे। वह अपनी पत्नी शिवानी के साथ कुर्सी रोड स्थित जनेश्वर एन्क्लेव अपार्टमेंट में किराये पर रह रहे थे। उनकी पत्नी एक मॉल में ग्राउंड फ्लोर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। दोनों की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी।

पुलिस के अनुसार, घटना के समय प्रबल फ्लैट में अकेले थे। रात करीब 8 बजे के आसपास उन्होंने बालकनी से छलांग लगा दी।

घटना से अपार्टमेंट में मचा हड़कंप

जिस वक्त यह हादसा हुआ। उस समय अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर कई लोग वॉक कर रहे थे। अचानक जोरदार आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक व्यक्ति खून से लथपथ पड़ा था। गंभीर चोट लगने के कारण स्थिति बेहद खराब थी।

सूचना मिलते ही गुडंबा पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल को ट्रामा सेंटर भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सुसाइड नोट में सट्टे और लत का जिक्र

पुलिस जांच के दौरान फ्लैट से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। सुसाइड नोट में प्रबल ने आईपीएल सट्टे में भारी नुकसान और उसकी लत से परेशान होने की बात लिखी है। साथ ही कुछ लोगों के नाम भी उल्लेखित किए गए हैं। किसी पर स्पष्ट आरोप नहीं लगाया गया है।

पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी

एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना के समय की स्थिति स्पष्ट हो सके। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Lucknow

Published :  1 May 2026, 6:45 PM IST