Bulandshahr: खुर्जा ट्रिपल मर्डर के मुख्य आरोपी को ढेर करने के बाद भी पुलिस क्यों मलती रही हाथ!

बुलंदशहर में ट्रिपल मर्डर केस के मुख्य आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया, लेकिन उसी दौरान उसका साथी पुलिस के सामने से फरार हो गया। इस घटना ने पुलिस की घेराबंदी और रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि चार पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 30 April 2026, 8:18 AM IST

Bulandshahr: खुर्जा ट्रिपल मर्डर केस में गुरुवार सुबह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और 50 हजार के इनामी जीतू सैनी को मुठभेड़ में मार गिराया। हालांकि इस पूरी कार्रवाई पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं, क्योंकि मुठभेड़ के दौरान ही उसका एक साथी पुलिस की मौजूदगी में मौके से फरार हो गया और पुलिस उसे पकड़ने में नाकाम रही।

सिकंदरपुर फ्लाईओवर पर मुठभेड़, लेकिन चूक गई पुलिस

घटना सिकंदरपुर फ्लाईओवर के पास की है, जहां स्वाट टीम और खुर्जा कोतवाली पुलिस संदिग्धों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस का सामना जीतू सैनी और उसके एक साथी से हुआ। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं।

इस गोलीबारी में जीतू सैनी घायल हो गया, लेकिन उसका साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। सवाल यह उठ रहा है कि जब पुलिस की टीम मौके पर मौजूद थी, तो आरोपी कैसे भागने में सफल हो गया।

Bulandshahr Encounter: पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़, तीन तस्करों के पैर में लगी गोली

एनकाउंटर के बीच फरारी ने खड़े किए सवाल

पुलिस की इस कार्रवाई में एक तरफ जहां मुख्य आरोपी ढेर हुआ, वहीं दूसरी तरफ एक अन्य आरोपी का भाग निकलना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है। आमतौर पर ऐसे ऑपरेशन में घेराबंदी और बैकअप प्लान होता है, लेकिन इस मामले में ऐसा नजर नहीं आया।

स्थानीय लोगों का मानना है कि अगर पुलिस की घेराबंदी मजबूत होती, तो दूसरा आरोपी भी पकड़ा जा सकता था। अब पुलिस टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं, लेकिन शुरुआती चूक साफ दिखाई दे रही है।

चार पुलिसकर्मी घायल, दो की जान जैकेट ने बचाई

मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी असलम और हेड कांस्टेबल मोहित मलिक को गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए। वहीं खुर्जा कोतवाल रामपाल सिंह और पुलिसकर्मी कपिल कुमार की बुलेट प्रूफ जैकेट पर गोली लगने से उनकी जान बच गई।

चार पुलिसकर्मियों के घायल होने से भी ऑपरेशन की तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

ट्रिपल मर्डर केस से जुड़ा था मामला

यह मामला 25 अप्रैल की रात का है, जब खुर्जा नगर थाना क्षेत्र के सुभाष रोड स्थित आरजेएस फिटनेस जिम में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में मनीष, अमनदीप और आकाश सैनी की मौत हो गई थी।

कई गिरफ्तार, लेकिन अभी भी अधूरी कार्रवाई

इस मामले में पुलिस ने दस नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि तीन को मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया गया था। मुख्य आरोपी जीतू सैनी फरार चल रहा था, जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

Bulandshahr: पुलिस की नजर में आया अहमदगढ़ थाना का हर पहलू, एसपी देहात ने खोला पर्दा; जानें पूरा मामला

फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं और इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। लेकिन जिस तरह से आरोपी पुलिस के सामने से भाग निकला, उसने पुलिस की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के अनुसार, घायल जीतू सैनी को अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Location :  Bulandshahar

Published :  30 April 2026, 8:01 AM IST