अब लखनऊ जाना हुआ आसान… बदायूं से चली पहली दैनिक एक्सप्रेस, वर्षों का इंतजार खत्म, यात्रियों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

बदायूं और आसपास के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। वर्षों से जिस सीधी ट्रेन का इंतजार था, वह आखिरकार पटरी पर दौड़ पड़ी। अब लखनऊ का सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा। उद्घाटन के मौके पर रेलवे स्टेशन पर उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 July 2026, 7:35 PM IST

Budaun: बदायूं और आसपास के जिलों के लोगों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार आखिरकार रविवार को खत्म हो गया। कासगंज से लखनऊ के ऐशबाग तक चलने वाली पहली दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ कर दिया गया। उझानी रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।

नई ट्रेन के पहले सफर को लेकर यात्रियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। स्टेशन पर लोगों ने फूल-मालाओं के साथ ट्रेन का स्वागत किया और भारत माता की जय के नारों से माहौल गूंज उठा। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी भी इस ऐतिहासिक मौके के गवाह बने।

"बदायूं की मिट्टी से मेरा खास रिश्ता है"

शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि बदायूं से उनका विशेष लगाव है और क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करना उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि लखनऊ के लिए सीधी ट्रेन शुरू होने से सिर्फ यात्रा आसान नहीं होगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच भी बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले बदायूं को दिल्ली के लिए भी नई रेल सेवा मिली थी और अब प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सीधी कनेक्टिविटी मिलने से जिले के विकास को नई गति मिलेगी।

अब साथ नहीं रह सकती… छुट्टी पर आए BSF जवान ने पत्नी पर फावड़े से किया हमला, सुबह बच्चों ने खोला घर का सबसे दर्दनाक राज

अब नहीं बदलनी पड़ेगी ट्रेन या बस

अब तक बदायूं और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को लखनऊ जाने के लिए बरेली या शाहजहांपुर होकर दूसरी ट्रेन या बस का सहारा लेना पड़ता था। इस कारण सफर लंबा और थकाऊ हो जाता था। नई दैनिक एक्सप्रेस शुरू होने से यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस सेवा से बदायूं, उझानी, बिल्सी और आसपास के हजारों यात्रियों को रोजाना फायदा मिलेगा। छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और इलाज के लिए लखनऊ जाने वाले मरीजों के लिए यह ट्रेन बड़ी राहत साबित होगी।

जानिए ट्रेन का पूरा रूट और समय

नई 15312 कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस प्रतिदिन सुबह 4:20 बजे कासगंज से रवाना होगी। सुबह 5:20 बजे बदायूं पहुंचेगी, जहां इसका पांच मिनट का ठहराव रहेगा। इसके बाद ट्रेन बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, मैलानी और सीतापुर होते हुए दोपहर 1 बजे ऐशबाग (लखनऊ) पहुंचेगी।

वापसी में 15311 ऐशबाग-कासगंज एक्सप्रेस दोपहर 2 बजे लखनऊ से रवाना होगी। यह रात 9:05 बजे बदायूं और रात 10:40 बजे कासगंज पहुंचेगी।

ट्रेन का ठहराव उझानी, बदायूं, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर, सीतापुर, सिधौली और मोहिबुल्लापुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा।

चोरी के गहनों का खरीदार भी नहीं बचा… दिनदहाड़े चोरी की गुत्थी ऐसे सुलझी, सुनार की दुकान तक पहुंच गई पुलिस

यात्रियों ने जताई खुशी

नई रेल सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों ने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया। कई लोगों का कहना है कि अब इलाज, पढ़ाई, सरकारी काम और व्यापार के सिलसिले में लखनऊ जाना पहले से कहीं आसान हो जाएगा। उझानी के एक यात्री ने कहा कि पहले लखनऊ जाने में पूरा दिन निकल जाता था, लेकिन अब सीधी ट्रेन मिलने से समय के साथ खर्च भी बचेगा। व्यापारियों का मानना है कि बेहतर रेल संपर्क से कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।

क्षेत्र के विकास की नई उम्मीद

उद्घाटन समारोह में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने इसे बदायूं के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय का आभार व्यक्त किया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से समय पर स्टेशन पहुंचने और टिकट बुकिंग के लिए अधिकृत रेलवे काउंटर या आईआरसीटीसी के माध्यम का उपयोग करने की अपील की है।

 

Location :  Budaun

Published :  26 July 2026, 7:35 PM IST