“पैसे दो वरना बाइक चोरी करवा देंगे”: बदायूं पुलिस ने पकड़ा कांवड़ियों से अवैध पार्किंग वसूलने वाला रैकेट, पढ़ें पूरा मामला

बदायूं के कछला कांवड़ मेले में पार्किंग के नाम पर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली का भंडाफोड़ हुआ है। पूर्व चेयरमैन और उनकी पत्नी के इशारे पर काम कर रहे 2 गुर्गों को रसीद बुक व नगदी के साथ गिरफ्तार किया गया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 August 2026, 10:05 AM IST

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में श्रद्धालुओं की भक्ति और आस्था को निशाना बनाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। उझानी कोतवाली क्षेत्र के प्रसिद्ध कछला कांवड़ मेला क्षेत्र में 'पार्किंग शुल्क' के नाम पर अवैध वसूली की जा रही थी। गश्त पर निकली पुलिस टीम ने बैरियर नंबर दो के पास से दो युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर इस बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है।

पुलिस की गश्त में पकड़े गए 2 संदिग्ध, 50 रु. प्रति बाइक वसूली

उझानी थाने के उपनिरीक्षक अविनाश पुण्डीर और उनकी टीम जब मेला क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी उन्हें दो युवक बाइक सवार कांवड़ियों को रोककर डराते-धमकाते दिखे। पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उन्हें दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान कछला निवासी देवेन्द्र और मिथुन चौहान के रूप में हुई। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 'जय श्री राधे कृष्णा' लिखी 6 रसीद बुक और 1250 रुपये नगद बरामद किए। ये आरोपी हर बाइक सवार से जबरन 50 रुपये वसूल रहे थे।

बदायूं में भीषण सड़क हादसा: एंबुलेंस-टेंपो की जोरदार टक्कर में 2 की मौत, 2 गंभीर; चीख-पुकार से गूंजा इलाका

पूर्व चेयरमैन दंपति पर लगा मास्टरमाइंड होने का आरोप

कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि वे कछला के पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन नरेश यादव, उनकी पत्नी रेखा और 'मोटे' उर्फ उधल के कहने पर यह वसूली कर रहे थे। इसके बदले उन्हें 500-500 रुपये दिहाड़ी मिलती थी। जब पुलिस ने नगर पालिका की अनुमति या पार्किंग लाइसेंस मांगा, तो आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

बदायूं में जलाभिषेक कर घर लौट रहे थे कांवड़िए, तभी तेज रफ्तार कार ने बाइक को रौंदा! 4 घायल, 3 की हालत गंभीर

धमकी देकर वसूली, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि पैसे न देने पर वे कांवड़ियों को "गाड़ी चोरी करवा देने" की धमकी देते थे। उपनिरीक्षक की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मेले में श्रद्धालुओं से किसी भी तरह की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Location :  Budaun

Published :  19 August 2026, 10:05 AM IST