हंसी-खुशी शादी से लौट रहा था परिवार, रास्ते में मिले बदमाश; फिर जो हुआ उससे इलाके में फैली दहशत

बदायूं में शादी समारोह से लौट रहा एक परिवार अचानक सुनसान सड़क पर बदमाशों से घिर गया। कुछ ही मिनटों में चीख-पुकार, धमकी और लूट की ऐसी वारदात हुई जिसने इलाके में दहशत फैला दी। परिवार ने विरोध किया तो हालात और बिगड़ गए।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 23 May 2026, 8:36 AM IST
google-preferred

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। शुक्रवार देर रात इस्लामनगर-बिसौली रोड पर बाइक सवार एक परिवार को तीन बदमाशों ने निशाना बना लिया। तमंचे के बल पर परिवार से नकदी और जेवरात लूट लिए गए। विरोध करने पर बदमाशों ने पीड़ितों के साथ हाथापाई भी की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

एक ही बाइक पर लौट रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के मुड़िया धुरेकी गांव निवासी अमीन अपने बहनोई जाहिद और बहन करिश्मा के साथ शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। रात करीब 10 बजे जैसे ही वे इस्लामनगर थाना क्षेत्र में बिसौली रोड स्थित कंधरपुर ईंट भट्ठे के पास पहुंचे, तभी दो बाइकों पर आए तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

तमंचा तानकर दी जान से मारने की धमकी

पीड़ित अमीन ने बताया कि बदमाशों ने बाइक रुकवाते ही तमंचा निकाल लिया और जान से मारने की धमकी देने लगे। अचानक हुई इस वारदात से परिवार घबरा गया। बदमाशों ने अमीन की जेब में रखे 50 हजार रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद बहन करिश्मा के कानों के कुंडल और पैरों की पायल भी छीन ली।

इंसानों के बाद पक्षियों पर हीटवेव की मार, मुजफ्फरनगर में कई चीलों की बिगड़ी हालत

विरोध करने पर की हाथापाई

जब परिवार ने बदमाशों का विरोध करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी। सुनसान सड़क होने के कारण परिवार को मदद नहीं मिल सकी। शोर मचाने पर बदमाश धमकाते हुए बिसौली की ओर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना के बाद पीड़ितों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इस्लामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित परिवार से पूछताछ की और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई।

Budaun: शादी से लौट रहे परिवार से तमंचे के बल पर नगदी और जेवरात लूटे

रातभर चला चेकिंग अभियान

वारदात के बाद पुलिस ने बिसौली रोड पर चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों के भागने के रूट की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिसौली रोड पर पहले भी कई लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। रात में पुलिस गश्त न होने से बदमाश बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है। फिलहाल पुलिस पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Location :  Budaun

Published :  23 May 2026, 8:36 AM IST

Related News

Advertisement