गोरखपुर में बदमाशों का आतंक : दुकान खोलते समय लूट, शोर मचाते रह गए दंपति

गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर पल्सर बाइक सवार बदमाशों ने दंपति को निशाना बनाकर महिला के कान से सोने की बाली झपट ली। पीड़ित पति ने आरोपियों की बाइक का नंबर नोट कर लिया है। पुलिस CCTV और बाइक नंबर के आधार पर जांच कर रही है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 7 July 2026, 11:30 PM IST

Gorakhpur : जिले के खजनी थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। महुआडाबर चौकी क्षेत्र के कन्दराई गांव के पास पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने दुकान खोलने जा रहे दंपति को निशाना बनाया और महिला के कान से सोने की बाली झपटकर फरार हो गए। वारदात इतनी अचानक हुई कि महिला घबरा गई और आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दुकान खोलने जाते समय हुई वारदात

जानकारी के मुताबिक, हरिजनपुर निवासी दिलीप कुमार पुत्र लालबिहारी मंगलवार को अपनी पत्नी के साथ बाइक से बरडाड चौराहे स्थित अपनी दुकान खोलने जा रहे थे। जैसे ही वे कन्दराई गांव के पास रुहा पैलेस और ROM स्कूल के बीच पहुंचे, तभी पीछे से पल्सर बाइक पर सवार दो युवक तेज रफ्तार में आए। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने अचानक झपट्टा मारा और दिलीप कुमार की पत्नी के कान से सोने की बाली खींच ली।

पति ने नोट किया बाइक नंबर

बाली झपटते ही दंपति ने शोर मचाया और बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। हालांकि भागते समय दिलीप कुमार ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों की बाइक का नंबर UP53 EN 2179 नोट कर लिया। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों में से एक युवक लाल रंग की टी-शर्ट पहने हुए था। यही जानकारी अब पुलिस की जांच में अहम सुराग मानी जा रही है।

रंजिश में हमला किया, लेकिन बच नहीं पाए… गोरखपुर पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा, हमले में इस्तेमाल सामान भी बरामद

स्थानीय लोगों में डर और नाराजगी

दिनदहाड़े मुख्य मार्ग पर हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर और आक्रोश है। लोगों ने बताया कि इस तरह की वारदात राहगीरों और व्यापारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पीड़ित दिलीप कुमार ने पुलिस को सूचना दी और खजनी थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। खजनी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बाइक नंबर, बदमाशों के हुलिए और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। एसएसआई डीएन सरोज ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  7 July 2026, 11:30 PM IST