
जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के दिन दुल्हन द्वारा रिश्ता तोड़ने का मामला चर्चा में आ गया।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक, यहां बरात आने और फिर जयमाला के बाद एक दुल्हन ने अचानक शादी तोड़ दी, क्योंकि दूल्हा संविदा पर कार्यरत था। लड़के के परिवार ने झूठ बोला था कि लड़का सरकारी नौकरी में है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक,शादी के दिन जयमाला के बाद जब दुल्हन को पूरी सच्चाई पता चली तो उसने शादी से इनकार कर दिया। लड़की के इनकार के बाद शादी वाले घर में हंगामा मच गया। आखिरकार बरात बिना दुल्हन के ही लौट गई। जालौन के मुख्यालय उरई निवासी आकाश दीप की शादी कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम उकुरुवा निवासी रामप्रकाश अहिरवार की बेटी किरन उर्फ सरिता से तय हुई थी। आकाश डकैती कोर्ट में संविदा पर मुंशी के पद पर कार्यरत है। 25 मई को उसका टीका था।
झूठ बोलकर शादी..
लड़की पक्ष के लोग भी गेस्ट हाउस में आए हुए थे। इस दौरान सब खुश थे करीब नौ बजे दूल्हा बारात लेकर गेस्ट हाउस पहुंचा। बाराती गानों पर डांस कर रहे थे। इसके बाद टीका और द्वारचार की रस्में हुईं। बाद में जयमाला की रस्म हुई। तभी किसी ने लड़की के परिजनों को बता दिया कि लड़का ठेकेदार है। जैसे ही यह खबर दुल्हन किरण उर्फ सरिता तक पहुंची तो उसने कहा कि झूठ बोलकर शादी कर रहे हैं, इसलिए वह शादी नहीं करेगी।
पुलिस को पूरी घटना की जानकारी..
काफी देर तक हंगामा चलता रहा और सोमवार को आकाशदीप थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शिकायती पत्र मांगा तो लड़के पक्ष ने लिखकर दे दिया लेकिन पुलिस को पत्र नहीं दिया। थाने में शाम तक लड़का और लड़की पक्ष के लोग आपस में मामला निपटाने की बात करते रहे लेकिन मामला नहीं सुलझा, बाद में दोनों पक्ष वापस चले गए।
Location : jalaun
Published : 27 May 2025, 1:24 PM IST
Topics : Bride jaimala relationship UP News wedding