हिंदी
देवरिया के एकौना थाना क्षेत्र में लापता अधेड़ गिरीश चंद्र पाल का शव गोर्रा नदी किनारे पेड़ से लटका मिला। परिजनों के अनुसार वह मानसिक रूप से परेशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लापता अधेड़ का शव पेड़ से लटका मिला (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Deoria: देवरिया जिले के एकौना थाना क्षेत्र में एक अधेड़ व्यक्ति का शव पेड़ से लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना ग्राम भगवानपुर माझा उर्फ बेलवा की है, जहां सोमवार को एक व्यक्ति के लापता होने के बाद मंगलवार को उसका शव गांव के पास नदी किनारे पेड़ से लटका हुआ मिला।
मृतक की पहचान गिरीश चंद्र पाल पुत्र बालेश्वर पाल के रूप में हुई है। जिसकी उम्र लगभग 45 साल बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, गिरीश सोमवार सुबह करीब 7 बजे घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटे। परिवार के लोगों ने उन्हें काफी खोजा, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
मैनपुरी में किरायेदारी विवाद ने पकड़ा तूल, पीड़िता ने रो-रोकर लगाई न्याय की गुहार; पढ़ें पूरी खबर
मंगलवार को गांव के कुछ लोगों ने गोर्रा नदी के किनारे एक पेड़ से शव लटका देखा। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत इसकी सूचना एकौना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की।
घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव की पहचान गिरीश चंद्र पाल के रूप में की। सूचना मिलते ही उनके पिता बालेश्वर पाल मौके पर पहुंचे और बेटे का शव देखते ही फूट-फूटकर रोने लगे। परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल छा गया।
परिजनों ने बताया कि गिरीश चंद्र पाल पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। उनका इलाज गोरखपुर में एक डॉक्टर के यहां चल रहा था। मृतक अपने पीछे पत्नी शकुंतला देवी (35) और चार बच्चों- रविता (20), रंजना (14), रवि (9) और अभिषेक (10) को छोड़ गए हैं।
देवरिया में टीबी जैसी गंभीर बीमारियों को किस तरह किया जा सकता है खत्म? लोगों को ऐसे किया जागरूक
पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एकौना थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, इस मामले को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।