मुजफ्फरनगर : पत्नी मायके गई फिर घर में कमरे में फंदे पर लटका मिला पति, कई दिनों से….

मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की पटेल नगर कॉलोनी में एक बंद मकान से 39 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला। कई दिनों से मकान से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 July 2026, 5:58 PM IST

Muzaffarnagar : जिले में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की पटेल नगर कॉलोनी में एक बंद मकान से तेज दुर्गंध आने लगी। आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे के अंदर 39 वर्षीय राहुल शर्मा का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। शव की हालत को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि मौत करीब तीन से चार दिन पहले हुई होगी।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की जांच कर रही है।

पत्नी मायके में थी, घरेलू विवाद की भी जांच

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राहुल शर्मा की शादी करीब 10 से 12 वर्ष पहले छपार क्षेत्र में हुई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार पति-पत्नी के बीच कुछ समय से घरेलू विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि राहुल की पत्नी करीब 10 से 15 दिन पहले अपने मायके चली गई थी और वहीं रह रही थी। फिलहाल पुलिस इस जानकारी की भी जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों को खंगाल रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 9:15 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि पटेल नगर स्थित एक मकान में व्यक्ति फांसी पर लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि अभी तक पुलिस को इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस अफसर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच जारी है।

 

Location :  Muzaffarnagar

Published :  4 July 2026, 5:58 PM IST