मैनपुरी के नगला भाई खां गांव में फर्जी वोट बनाने के आरोप को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हुए हमले में एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू किए और जांच शुरू कर दी है।

थाने का फोटो
Mainpuri: वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के आरोप ने गांव का माहौल ऐसा गरमाया कि देखते ही देखते मामला हिंसा में बदल गया। नगला भाई खां गांव में फर्जी वोट बनाए जाने की बात पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर चलने लगे। बरनाहल थाना क्षेत्र के इस गांव में हुई इस झड़प में एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
फर्जी वोट के आरोप से शुरू हुआ विवाद
पहले पक्ष के मोहम्मद जुहूर का आरोप है कि गांव के बीएलओ जुल्फीकार ने फर्जी वोट बढ़ाए थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दूसरे पक्ष के लोग भड़क गए। जुहूर का कहना है कि शमशाद अहमद, ग्यास अहमद, मुख्तियार अहमद, सरफराज और शहजाद सहित कई लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि बचाव में आए परिवार के लोगों पर भी ईंट-पत्थर बरसाए गए।
दूसरे पक्ष ने आरोपों को बताया झूठा
दूसरी तरफ ग्यास अहमद ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उनके भाई जुल्फीकार बीएलओ हैं और अगर किसी को शिकायत थी तो जांच करानी चाहिए थी, न कि मारपीट करनी चाहिए थी। ग्यास ने आरोप लगाया कि विरोधी पक्ष ने ही पहले हमला किया और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया।
छतों से बरसे पत्थर, वीडियो वायरल
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं। महिलाएं भी मौके पर मौजूद हैं और कुछ लोग घरों की छतों से पत्थर फेंकते नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और किसी तरह हालात काबू में किए। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध प्रताप ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिल गई है और मामले की जांच की जा रही है। गांव में फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है, लेकिन कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।