मुजफ्फरनगर में लव स्टोरी बनी खूनी जंग, गोलीबारी से मचा हड़कंप

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि गोलीबारी और धारदार हथियार से हमला हुआ। दोनों पक्षों के घायल होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 May 2026, 5:03 PM IST

Muzaffarnagar : मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के कुतुबपुर दताना गांव में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब प्रेम प्रसंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पहले कहासुनी हुई, फिर मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते हथियार निकल आए और गांव में फायरिंग की आवाज गूंज उठी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

भांजी के प्रेम प्रसंग को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, पूरे मामले की जड़ एक प्रेम संबंध बताया जा रहा है। गांव में रहने वाली युवती और मोनू नाम के युवक के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर युवती के परिवार और प्रेमी पक्ष के बीच पहले से तनाव बना हुआ था। शनिवार को इसी विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। कहा जा रहा है कि युवती के मामा पारुल और प्रेमी मोनू के बीच बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई।

तमंचे से मारी गोली

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के दौरान प्रेमी मोनू ने तमंचा निकाल लिया और पारुल के पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही पारुल जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इसी बीच जवाबी हमला करते हुए पारुल ने धारदार हथियार से मोनू के सिर पर वार कर दिया। इस हमले में मोनू भी गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ ही मिनटों में गांव का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।

Muzaffarnagar: स्कूल से घर लौट रही छात्रा के साथ बीच रास्ते में क्या हुआ? मुजफ्फरनगर सामूहिक दुष्कर्म मामले का पूरा सच यहां पढ़ें

पुलिस पहुंची मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही बुढ़ाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हालात को संभालते हुए दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से जानकारी जुटाई और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।

एसपी देहात ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात अक्षय महादिक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा दिखाई दे रहा है। फिलहाल दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

दोनों घायल खतरे से बाहर

सीओ बुढ़ाना गजेंद्र सिंह ने बताया कि घटना में घायल दोनों लोगों की हालत अब खतरे से बाहर है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। जिससे किसी तरह की दूसरी घटना न हो।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  2 May 2026, 5:03 PM IST