कैंपियरगंज के भाजपा विधायक को जान से मारने की धमकी, 6:46 मिनट का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल

कैंपियरगंज के भाजपा विधायक को जान से मारने की धमकी, 6:46 मिनट का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरलज़,पढिए पूरी खबर

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 23 April 2026, 10:37 AM IST

Gorakhpur : प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री व कैंपियरगंज क्षेत्र से भाजपा विधायक फतेह बहादुर सिंह और उनके सहयोगियों को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि धमकी देने वाले आरोपी की लोकेशन मध्य प्रदेश के इटारसी में मिली है। धमकी से जुड़ा एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सहयोगियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

पुलिस ने मामले में आरोपी रजनीकांत, उसके परिवार और सहयोगियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। नगर पंचायत चौमुखा के शक्तिनगर वार्ड निवासी नवीन सिंह ने कैंपियरगंज थाना पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वार्ड नंबर-1 (पठनपुरवा बड़का) निवासी रजनीकांत क्षेत्र में भय का माहौल बना रहा है।

आरोप है कि रामचौरा निवासी सूरज के मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान उसने क्षेत्रीय विधायक फतेह बहादुर सिंह, उनके प्रतिनिधि गणेशदत्त त्रिपाठी, सहयोगी शमसेर सिंह और चेयरमैन प्रतिनिधि गोपाल सिंह समेत कई लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए नौ मई तक जान से मारने की धमकी दी।

ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल

उन्होंने बताया कि करीब 6:46 मिनट का यह ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके चलते पूरे इलाके में डर का माहौल है। पीड़ित के अनुसार धमकी के बाद उनका परिवार सहम गया है। उनके पिता हृदय रोग से पीड़ित हैं, उनकी तबीयत भी बिगड़ गई है।

एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में आरोपी रजनीकांत, उसके परिवार और सहयोगियों के खिलाफ धमकी देने और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश चल रही है। प्राथमिकी जांच में नशे में धुत युवक की ओर से धमकी दिए जाने की बात सामने आई है। मामले की जांच जारी है।

इस संबंध में विधायक फतेह बहादुर सिंह ने कहा कि मेरे कार्यकर्ता के पास धमकी भरा फोन आया था। कार्यकर्ता ने ऑडियो की रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी है। एसएसपी और डीएम के संज्ञान में मामला लाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  23 April 2026, 10:37 AM IST