
सपा कार्यकर्तोओं को संबोधित करते आखिलेश यादव
Lucknow: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला और कहा भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग कर वोटों की डकैती की है। उपचुनाव में भी वोटों की डकैती हुई है। अखिलेश यादव ने कहा कि वोट बनना, वोट बचाना, वोट डलवाने से लेकर वोट गिनने तक जनता को सतर्क रहना होगा तभी लोकतंत्र बचेगा।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये नेताओं और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा गरीबों का वोट कटवा रही है। समाजवादी पार्टी ने 2022 में गलत तरीके से काटे गए वोटों को लेकर आवाज उठायी तो चुनाव आयोग ने नोटिस भेज दिया था। समाजवादी पार्टी ने वोटर लिस्ट से डिलीट किए गए 18 हजार वोटरों की सूची शपथ पत्र के साथ चुनाव आयोग को भेजी थी। लेकिन चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की। जब वोट चोरी और वोट काटने का मामला उठा तो मुख्य चुनाव आयोग ने कह दिया कि कोई एफिडेविट नहीं मिला। समाजवादी पार्टी के पास हर एफिडेविट की रसीद है।
जनता भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए कटिबद्ध
अखिलेश ने कहा कि भाजपा की सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है। जनता भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए कटिबद्ध है। गरीब जनता भाजपा को हटायेगी। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। किसानों को खाद नहीं मिल रही है। खाद का बड़ा घोटाला है। खाद के लिए महिलाओं को भी लाइन लगानी पड़ रही है। भाजपा सरकार खाद नहीं दे पा रही है। लाठियां बरसा रही है। जल जीवन मिशन में बजट का जमकर बंदरबांट हुआ। पानी की टंकियां भाजपा के भ्रष्टाचार को नहीं सह पा रही है। टंकिया लगातार गिर रही है।
शिक्षा व्यवस्था बर्बाद
भाजपा सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया। स्कूलों को बंद कर दिया। बंद किए गए स्कूल चालू नहीं हुए। प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। अपराधी खुलेआम हत्याएं कर रहे हैं। कोई भी सुरक्षित नहीं है। हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाएं बढ़ती जा रही है। अपराध के कारण कानून व्यवस्था चौपट है। वृक्षारोपण पूरा का पूरा फर्जी है। सारे आंकड़े झूठे हैं। भाजपा सरकार ने पूरी व्यवस्था बर्बाद कर दी है। समाजवादी पार्टी की सरकार आयेगी तभी व्यवस्था ठीक होगी।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से नेता विरोधी दल विधानसभा श्री माता प्रसाद पाण्डेय, सांसद लालजी वर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल, समाजवादी पार्टी के सचिव श्री अवधेश सिंह आदि प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
Location : Lucknow
Published : 22 August 2025, 7:11 PM IST
Topics : Akhilesh Yadav bjp Samajwadi Party vote theft