
स्कूल वाहन से भिड़ी तेज रफ्तार बाइक (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर में अधूरे सड़क निर्माण की कीमत एक बार फिर लोगों को चुकानी पड़ी। गोला-बड़हलगंज रामजानकी मार्ग पर सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार बाइक गलत दिशा से आकर बच्चों को छोड़कर लौट रहे निजी स्कूल के वाहन से भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक कई फीट दूर उछलकर डिवाइडर से जा टकराया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण एजेंसी और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब तीन बजे एक निजी विद्यालय का वाहन बच्चों को उनके घर छोड़कर बेवरी चौराहे से चंद चौराहे की ओर वापस लौट रहा था। वाहन सोनालिका ट्रैक्टर एजेंसी के पास अपनी लेन में चल रहा था। इसी दौरान चंद चौराहे की तरफ से गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक सीधे स्कूल वाहन से टकरा गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल की पहचान रंजीत पुत्र रामाशीष, निवासी खड़ेसरी गांव, थाना बड़हलगंज के रूप में हुई है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में सड़क निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि रामजानकी मार्ग की दूसरी लेन का निर्माण कई महीनों से अधूरा पड़ा है। बीच सड़क पर डिवाइडर बना दिए गए हैं और निर्माणाधीन हिस्से को बंद कर दिया गया है। ऐसे में चंद चौराहे की ओर से आने वाले वाहन मजबूरी में गलत दिशा से गुजरते हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
क्या साइबर ठगी के पैसे वापस मिल सकते हैं? गोरखपुर की इस कार्रवाई ने दिया जवाब
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन से अधूरे निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।
Location : Gorakhpur
Published : 3 August 2026, 6:53 PM IST