
बिजनौर में दुखद हादसा
Bijnor: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक बेहद ही दुखद घटना सामने आयी है। हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। थाना कोतवाली शहर इलाके में एक कॉलेज के पास एक महिला का दुपट्टा रेहड़े के एक्सल में फंस गया। दुपट्टा अचानक तेजी से खिंचने के कारण महिला के गले में बुरी तरह लिपट गया।
हादसा इतना गंभीर था कि महिला की गर्दन धड़ से अलग हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान सुमन देवी (50 साल), पत्नी बाबूराम के रूप में हुई है। वह हल्दौर थाना इलाके की रहने वाली बताई गई है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार सुमन देवी अपने बेटे के साथ दवाई लेने के लिए अस्पताल जा रही थीं। बताया गया कि दोनों रेहड़े से अस्पताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान Roots कॉलेज के पास अचानक सुमन देवी का दुपट्टा रेहड़े के टायर और एक्सल की तरफ चला गया और उसमें फंस गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह महिला के दुपट्टे का रेहड़े के एक्सल में फंसना सामने आया है। घटना ने एक बार फिर चलते वाहनों में लंबे और ढीले दुपट्टे, कपड़े या अन्य वस्तुओं के फंसने से होने वाले गंभीर हादसों को लेकर चिंता बढ़ा दी है. विशेष रूप से दोपहिया या खुले वाहनों से यात्रा करते समय दुपट्टे और अन्य ढीले कपड़ों को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है।
सीओ सिटी अभय पांडे ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि कोतवाली पुलिस को सड़क दुर्घटना में महिला की मौत की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि ठेली का फट्टा टूटा होने के कारण महिला का दुपट्टा एक्सेल में लिपट गया, जिससे उनकी गर्दन पर गंभीर चोट लगी और मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है। महिला की मौत से उनके परिवार में शोक का माहौल है।
Location : Bijnor
Published : 9 August 2026, 5:55 AM IST