हिंदी
आंगनवाड़ी के 198 पदों पर भर्ती
Lucknow: लखनऊ जिले में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भर्ती को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। जिले में कुल 198 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक महिला उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। भर्ती प्रक्रिया को लेकर विस्तृत जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है।
लखनऊ जिले के अलग-अलग परियोजना क्षेत्रों में रिक्तियां जारी की गई हैं। भर्ती के तहत सबसे ज्यादा पद आलमनगर और सरोजनीनगर परियोजना में निकाले गए हैं। आलमनगर में 31 पद, अलीगंज में 16, बख्शी का तालाब में 25, चिनहट में 21, गोसाईगंज में 14, काकोरी में 23, मलिहाबाद में 14, माल क्षेत्र में 14, मोहनलालगंज में 9 और सरोजनीनगर में 31 पदों पर भर्ती की जाएगी। कुल मिलाकर जिले में 198 रिक्त पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
भर्ती के लिए केवल महिला उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगी। पात्रता के अनुसार उम्मीदवार की आयु 1 जनवरी 2026 तक न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष होनी चाहिए। शैक्षिक योग्यता के रूप में उम्मीदवार का इंटरमीडिएट यानी 12वीं पास होना जरूरी है। भर्ती मानदेय आधारित संविदा पदों पर की जाएगी।
उम्मीदवारों को आवेदन से पहले 17 सितंबर 2025 के शासनादेश को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है। भर्ती प्रक्रिया उसी नियमावली के तहत पूरी की जाएगी। शासनादेश में चयन प्रक्रिया, पात्रता, दस्तावेज और अन्य आवश्यक नियमों की जानकारी दी गई है। इससे आवेदन के दौरान होने वाली गलतियों से बचा जा सकता है।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन के दौरान मोबाइल नंबर और बेसिक जानकारी भरनी होगी। इसके बाद लॉगिन आईडी और पासवर्ड मिलेगा, जिसकी मदद से आवेदन फॉर्म पूरा किया जा सकेगा। फॉर्म भरने के बाद सभी जानकारी को एक बार जांचना जरूरी होगा। अंतिम सबमिशन के बाद आवेदन पत्र का प्रिंट आउट सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
Location : Lucknow
Published : 29 April 2026, 5:55 PM IST