फिर इस तरीके से हुआ प्यारी भाभी और नटखट देवर के इश्क का अंत, बड़े भैया को रात 3 बजे की अंतिम कॉल

कासगंज में देवर-भाभी के कथित प्रेम संबंध से जुड़ा मामला बेहद दुखद मोड़ पर खत्म हुआ। 7 सितंबर की रात दोनों ने हजारा नहर के पास होने की बात परिवार को फोन पर बताई थी। इसके बाद उनकी तलाश शुरू हुई। 10 दिन बाद मिरहची क्षेत्र के कुटेना गांव के पास नहर में दोनों के शव मिले...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 17 September 2026, 3:27 PM IST

Kasganj News: रात के ठीक तीन बजे फोन की घंटी बजी। बड़े भाई ने फोन उठाया तो दूसरी तरफ छोटे भाई कृष्णकांत की आवाज थी। उसने बताया कि वह और उसकी भाभी हजारा नहर के पास हैं और जान देने जा रहे हैं। पीछे से महिला की आवाज भी सुनाई दी। परिवार ने दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर बाद मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद शुरू हुई तलाश 10 दिन तक चली। गुरुवार सुबह मिरहची थाना क्षेत्र के कुटेना गांव के पास हजारा नहर में दो शव मिले। पुलिस ने उनकी पहचान कासगंज के मनौटा गांव निवासी कृष्णकांत और उसकी भाभी प्रियंका के रूप में की।

नहर किनारे मिली थी लावारिस थैली

पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर की सुबह नदरई स्थित हजारा नहर के पिकनिक प्वाइंट पर लावारिस थैली मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने थैली की जांच की तो उसमें पर्स, जेवर, प्रियंका की फोटो, ड्राइविंग लाइसेंस, चार एटीएम कार्ड, महिलाओं के कपड़े और करीब पांच हजार रुपये मिले। जांच में सामान दोनों से जुड़ा पाया गया।

अंबाला में साथ रहने के दौरान बढ़ी नजदीकी

पुलिस की जांच के मुताबिक, प्रियंका ने वर्ष 2021 में पंकज से प्रेम विवाह किया था। बाद में दोनों काम की तलाश में हरियाणा चले गए। मई 2025 से मई 2026 के बीच पंकज, प्रियंका और कृष्णकांत अंबाला में एक ही कमरे में रहे। इसी दौरान कृष्णकांत और प्रियंका के बीच नजदीकियां बढ़ने की बात सामने आई। जब पंकज को इसकी जानकारी हुई तो परिवार में विवाद शुरू हो गया।

घर से निकला कृष्णकांत, पत्नी मिली गायब

6 सितंबर को कृष्णकांत दवाई लेने की बात कहकर घर से निकला था। दूसरी तरफ पानीपत में काम करने वाला पंकज जब अपने कमरे पर पहुंचा तो उसकी चार साल की बेटी अकेली थी और प्रियंका वहां नहीं थी। उसने कृष्णकांत को फोन किया। कृष्णकांत ने बताया कि प्रियंका उसके साथ दिल्ली में है।

रात 3 बजे आया आखिरी फोन

इसके बाद रात करीब तीन बजे कृष्णकांत ने भाई को फोन किया। पुलिस के अनुसार, उसने बताया कि दोनों नदरई हजारा नहर के पास हैं और जान देने जा रहे हैं। प्रियंका ने भी फोन पर बात की और माफी मांगी। पंकज ने दोनों को समझाने के लिए मैसेज किए, लेकिन इसके बाद फोन बंद हो गया। सूचना के बाद पुलिस और पीएसी की फ्लड कंपनी ने नहर में तलाश शुरू की।

10 दिन बाद कुटेना में मिले शव

गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे कुटेना गांव के पास ग्रामीणों ने नहर में दो शव उतराते देखे। सूचना मिलने पर मिरहची पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाया। पहचान होने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।

चार साल की बच्ची पर टूटा दुखों का पहाड़

मिरहची थाना प्रभारी विदेश राठी के मुताबिक, दोनों ने 7 सितंबर को नहर में छलांग लगाई थी और शव बहकर कुटेना तक पहुंचे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से मनौटा गांव में मातम पसरा है। इस घटना का सबसे गहरा असर चार साल की बच्ची पर पड़ा है, जो अब अपने माता-पिता से जुड़ी इस त्रासदी के बाद अकेली रह गई है।

Location :  Kasganj

Published :  17 September 2026, 3:27 PM IST