होली के दिन हुई पिटाई… 7 दिन बाद मौत, दलित युवक हत्याकांड में प्रधान गिरफ्तार

फतेहपुर के भैरवा गांव में दलित युवक कुलदीप पासवान की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 11 March 2026, 5:54 PM IST

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र के भैरवा गांव में दलित युवक की हत्या के मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी कुलदीप पासवान के साथ होली के दिन किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने कुलदीप को घेरकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीट दिया। पिटाई में कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे बचाकर इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे कानपुर रेफर कर दिया। परिवार वाले उसे बेहतर इलाज के लिए कानपुर ले गए, लेकिन इलाज के दौरान 7 मार्च को कुलदीप ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया।

प्रधान समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गांव के ग्राम प्रधान राकेश कुमार गुप्ता समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मामले में ग्राम प्रधान राकेश कुमार गुप्ता, राजेंद्र तिवारी, अमन तिवारी, ब्रह्मभेष तिवारी, विपिन तिवारी, आशीष तिवारी और शिवा तिवारी सहित सात नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर गरमाई बहस, अमित शाह बोले- जवाब कसकर दूंगा

थाना प्रभारी धीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान राकेश कुमार गुप्ता, राजेंद्र तिवारी और विपिन तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

चार आरोपी अभी फरार, पुलिस दे रही दबिश

पुलिस के अनुसार इस मामले में अभी चार आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी ग्राम प्रधान राकेश कुमार गुप्ता के खिलाफ पहले भी एक मामला दर्ज है। वर्ष 2021 में उनके खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट से जुड़ा एक केस दर्ज किया गया था।

रुद्रप्रयाग पुलिस कार्यालय में भावुक पल, एलआईयू निरीक्षक को दी भावभीनी विदाई

घटना के बाद से गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी तरह का तनाव या विवाद न हो। वहीं मृतक के परिवार के लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की टीम फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।

Location : 
  • Fatehpur

Published : 
  • 11 March 2026, 5:54 PM IST