“हमें इंसाफ चाहिए…” रात में नौकरी पर गए बेटे का लौटा शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Basti में पेट्रोल पंप पर काम करने वाले एक कर्मचारी की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। परिजनों ने मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 13 May 2026, 4:18 PM IST
google-preferred

Basti: उत्तर प्रदेश के बस्ती में कोतवाली थाना क्षेत्र के कोपिया गांव निवासी 42 वर्षीय जीत नारायण सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और गांव में मातम छा गया। मृतक की पत्नी ज्योति सिंह के मुताबिक जीत नारायण सिंह पिछले करीब 10 वर्षों से नगर थाना क्षेत्र के रिठिया स्थित हिंदुस्तान ऑटो मोबाइल पेट्रोल पंप पर कार्यरत थे। मंगलवार को भी वह रोज की तरह ड्यूटी पर गए थे।

परिजनों का कहना है कि देर रात करीब 10 से 11 बजे के बीच पेट्रोल पंप मालिक की ओर से फोन आया, जिसमें जीत नारायण सिंह की तबीयत खराब होने की सूचना दी गई। यह खबर मिलते ही परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।

Gorakhpur: शादी का झांसा देकर युवती का शोषण, पुलिस ने आरोपी को ऐसे दबोचा

मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने जीत नारायण सिंह को गंभीर हालत में पाया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि जीत नारायण सिंह की बेरहमी से पिटाई की गई, जिसकी वजह से उनकी मौत हुई है। परिजनों के अनुसार शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे थे, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग इस मौत को संदिग्ध मानते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

मृतक अपने पीछे पत्नी और बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जीत नारायण सिंह शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और लंबे समय से पेट्रोल पंप पर काम कर रहे थे।

Gorakhpur: प्यार से शुरू हुई कहानी का दर्दनाक अंत… कमरे का दरवाजा टूटा तो उड़ गए होश

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय पेट्रोल पंप पर कौन-कौन मौजूद था और आखिर किन परिस्थितियों में जीत नारायण सिंह की तबीयत बिगड़ी।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Basti

Published :  13 May 2026, 4:18 PM IST

Advertisement