हिंदी
बस्ती में फायरिंग से दहशत
Basti: कप्तानगंज थाना क्षेत्र के महाराजगंज चौकी अंतर्गत महाराजगंज नगर रोड पर सोमवार की देर रात कप्तानगंज के ब्लॉक प्रमुख पति भोला निषाद की स्कॉर्पियो पर गोली चलने से हड़कंप मच गया। घटना पुराने ईंट-भट्ठे के पास की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस के साथ महाराजगंज चौकी की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
घटनास्थल का उच्चाधिकारियों ने फॉरेंसिक टीम, एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ निरीक्षण किया। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही मामले की छानबीन में लगी है।
मौके पर मची अफरातफरी
बताया जा रहा है कि भोला निषाद किसी कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी स्कॉर्पियो को निशाना बनाकर गोली चलाई गई। वाहन के पीछे के शीशे पर गोली लगने के निशान दिखाई दिए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रमुख प्रतिनिधि के मुताबिक, उनकी गाड़ी पर कई राउंड फायरिंग की गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। हालांकि, भोला निषाद बाल-बाल बच गए। हालांकि, फायरिंग के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती श्यामकांत ने घटनास्थल के निरीक्षण और पुलिस की ओर से की जा रही अग्रिम कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी। फायरिंग के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
Location : Basti
Published : 13 October 2026, 2:59 AM IST