
सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Bareilly: यूपी के बरेली में हुए दंगों के दौरान असलाह सप्लाई करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को बहेड़ी पुलिस ने उत्तराखंड किच्छा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अवैध हथियारों की तस्करी करने और दंगाइयों तक असलाह पहुंचाने का आरोप है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 19 फरवरी 2026 को बहेड़ी पुलिस ने तसलीम और सोमू खान उर्फ औशाफ को पिस्टल और कारतूस की खेप के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया था कि वे पांच पिस्टल और 38 कारतूस किच्छा निवासी गफ्फार खां और समी को देने जा रहे थे। आरोपियों ने यह भी बताया था कि 26 सितंबर 2025 को बरेली में हुए दंगों के दौरान इस्तेमाल किए गए असलाह की सप्लाई भी उन्होंने ही की थी।
इस मामले में थाना बहेड़ी में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अब तक पांच आरोपियों को जेल भेज चुकी है। फरार चल रहे आरोपी गफ्फार खां पुत्र बुन्दन खां निवासी ग्राम दरऊ थाना किच्छा, जिला ऊधमसिंह नगर को बुधवार दोपहर रुद्रपुर-किच्छा रोड से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में गफ्फार खां ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर अवैध असलाह बेचने का काम करता था। आरोपी ने अपने किए पर गलती मानते हुए माफी की बात भी कही।
पुलिस ने बताया कि गफ्फार खां पर उत्तराखंड और बरेली के विभिन्न थानों में मारपीट, धमकी, खनन, गैंग और अन्य गंभीर धाराओं में करीब दस मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ पहले भी गुंडा एक्ट की कार्रवाई हो चुकी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक रजनीश कुमार, अंकित बघेल, शिवम कुमार, हेड कांस्टेबल ओवेन्द्र कुमार और कांस्टेबल अमरजीत शामिल रहे।
Location : Bareilly
Published : 21 May 2026, 1:01 AM IST