
महिला और नवजात (Img: Dynamite News)
Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की त्वरित कार्रवाई से चलती ट्रेन में बच्ची को जन्म देने वाली महिला और नवजात की जान सुरक्षित बच गई। दिल्ली से मालदा टाउन जा रही ट्रेन (14004) में प्रसव पीड़ा होने के बाद RPF टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मां और नवजात को समय पर चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराकर अस्पताल पहुंचाया।
नई दिल्ली से मालदा टाउन जा रही ट्रेन संख्या 14004 में शुक्रवार तड़के एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने की सूचना मिली। बरेली जंक्शन स्थित रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट को रात करीब 1:25 बजे इसकी जानकारी दी गई। महिला ट्रेन के एस-6 कोच में अपने पति और सास के साथ सफर कर रही थी। परिवार की सीट संख्या 73, 74 और 75 थी। सूचना मिलते ही RPF पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक मयंक चौधरी ने टीम को महिला की मदद करने के निर्देश दिए। हालांकि, ट्रेन के बरेली पहुंचने से पहले ही महिला ने यात्रा के दौरान एक बच्ची को जन्म दे दिया।
ये भी पढ़ें: कॉल सेंटर की आड़ में डॉक्टर बनकर बेच रहे थे दवाएं, Instagram Ads से फंसाते थे ग्राहक; Bareilly में 2 गिरफ्तार
ट्रेन रात करीब 1:41 बजे बरेली जंक्शन पहुंची। ट्रेन के रुकते ही RPF की टीम संबंधित एस-6 कोच में पहुंच गई। वहां कर्मचारियों ने महिला और उसके परिजनों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। महिला के पति चंदन कुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी और मां के साथ नई दिल्ली से मालदा टाउन जा रहे थे।
सफर के दौरान उनकी पत्नी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इसी बीच महिला ने बच्ची को जन्म दे दिया। स्थिति को देखते हुए RPF की टीम ने बिना देरी किए मां और नवजात को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था शुरू कर दी।
प्रसूता और नवजात को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे कर्मचारियों और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की मदद ली गई। दोनों को ट्रेन से उतारकर अस्पताल भेजने की तैयारी की गई। रात करीब 2:10 बजे महिला और नवजात बच्ची को उसके पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बरेली जिला अस्पताल भेज दिया गया।
इस दौरान रेलवे के संबंधित कर्मचारी और सुरक्षा बल के जवान सहायता में जुटे रहे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रसव के बाद मां और बच्ची दोनों स्वस्थ बताई गईं। अस्पताल भेजे जाने के बाद उन्हें आगे की चिकित्सा देखभाल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।
ये भी पढ़ें: Bareilly LPG Connection: 57 कॉलोनियों के 1,200 घरों में बंद होगी LPG, PNG नहीं लिया तो कटेगा कनेक्शन
RPF ने महिला और नवजात की सहायता ऑपरेशन मातृशक्ति के तहत की। इस दौरान डिप्टी स्टेशन अधीक्षक, GRP के उपनिरीक्षक और अन्य रेलवे कर्मचारी भी मौजूद रहे। रेलवे अस्पताल के सहायक वेदपाल ने भी सहायता प्रदान की।
सभी कर्मचारियों ने आपसी तालमेल के साथ महिला और बच्ची को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। सूचना मिलने के बाद से लेकर ट्रेन के बरेली जंक्शन पहुंचने और मां-बेटी को अस्पताल भेजने तक कर्मचारी लगातार मदद में लगे रहे। इस घटना में रेलवे सुरक्षा बल और अन्य कर्मचारियों की तत्परता से प्रसूता और नवजात को समय पर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था हो सकी।
Location : Bareilly
Published : 9 October 2026, 5:07 PM IST