कार के नाम पर 1.40 लाख रुपये हड़पने का आरोप, न गाड़ी मिली न रकम वापस; पैसे मांगने पर जेल भेजने की धमकी

बरेली में स्विफ्ट डिजायर कार खरीदने के लिए 1.40 लाख रुपये देने के बाद भी खरीदार को गाड़ी नहीं मिली। रकम वापस मांगने पर जेल भिजवाने की धमकी देने का आरोप है। इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 18 October 2026, 2:19 PM IST
google-preferred

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली में कार खरीदने के लिए 1.40 लाख रुपये देने के बाद भी एक व्यक्ति को न तो गाड़ी मिली और न ही उसकी रकम वापस की गई। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो उसे कथित तौर पर झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी गई। काफी इंतजार के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। इज्जतनगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

चार लाख एक हजार रुपये में तय हुआ था सौदा

इज्जतनगर थाना क्षेत्र के अधलखिया निवासी प्रेम सिंह के मुताबिक, उन्होंने भगवानपुर धीमरी निवासी वीरेंद्र से स्विफ्ट डिजायर कार खरीदने का सौदा तय किया था। कार की कुल कीमत चार लाख एक हजार रुपये तय हुई थी। आरोप है कि 27 मई 2026 को दो गवाहों की मौजूदगी में प्रेम सिंह ने वीरेंद्र को एक लाख 40 हजार रुपये नकद दे दिए थे। बताया गया कि कार पर फाइनेंस कंपनी की कुछ किस्तें बकाया थीं। ऐसे में दोनों के बीच तय हुआ था कि पहले बकाया किस्तों का भुगतान किया जाएगा।

बरेली में प्रेम प्रसंग का मामला पड़ा भारी! हेड कांस्टेबल और महिला सिपाही सस्पेंड, SSP ने बैठाई जांच

पांच दिन बाद से ही टालने का आरोप

प्रेम सिंह का आरोप है कि रुपये देने के करीब पांच दिन बाद जब उन्होंने वीरेंद्र से कार अपने नाम कराने के लिए कहा तो वह टालमटोल करने लगा। हर बार उन्हें बाद में कार देने की बात कही जाती रही। काफी समय बीतने के बावजूद न तो कार उन्हें सौंपी गई और न ही उनके पैसे वापस किए गए। पीड़ित के मुताबिक, जब लंबे इंतजार के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला तो उन्होंने वीरेंद्र के गांव पहुंचकर ग्रामीणों से मामले के संबंध में जानकारी ली।

पैसे मांगने पहुंचे तो धमकी देने का आरोप

प्रेम सिंह के अनुसार, 20 सितंबर 2026 की सुबह करीब नौ बजे वह अपनी रकम वापस मांगने वीरेंद्र के घर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां वीरेंद्र के साथ उसकी पत्नी नीतू और बेटी निहारिका भी बाहर आईं। जब प्रेम सिंह ने दिए गए रुपये लौटाने की बात कही तो कथित तौर पर उनके साथ धमकी भरा व्यवहार किया गया। पीड़ित का आरोप है कि उनसे साफ कह दिया गया कि रुपये वापस नहीं किए जाएंगे। साथ ही, ज्यादा दबाव बनाने पर झूठा मुकदमा दर्ज कराकर जेल भिजवाने की धमकी भी दी गई।

बरेली में बिजली के तार चोरी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, 25 किलो एल्युमिनियम तार बरामद

पुलिस ने शुरू की जांच

लगातार रकम वापस न मिलने से परेशान प्रेम सिंह ने 17 अक्टूबर 2026 को इज्जतनगर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अब मामले में पुलिस की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल, कार के सौदे, नकद भुगतान और धमकी दिए जाने से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Location :  Bareilly

Published :  18 October 2026, 2:14 PM IST

Advertisement