Bareilly: लालच में फंसा रिटायर कर्मचारी, ऐसे गंवाई जीवन भर की कमाई, एमडी पर मामला दर्ज

बरेली में 22 महीने में रकम दोगुनी करने का लालच देकर रिटायर कर्मचारी से 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। निवेश की अवधि पूरी होने पर जब पीड़ित रकम लेने पहुंचा तो कंपनी का दफ्तर ही बंद मिला। पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 17 August 2026, 5:58 AM IST

Bareilly: जनपद में बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने  22 महीने में रकम दोगुनी करने का सपना दिखाया और रिटायर कर्मचारी से 10 लाख रुपये निवेश करा लिए। जब पैसा वापस लेने का वक्त आया तो कंपनी का दफ्तर ही बंद मिला।

पीड़ित ने गंगा इंफ्रासिटी प्राइवेट लिमिटेड के एमडी राजेश कुमार मौर्य पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए बारादरी थाने में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रकम दोगुना करने का दिया झांसा

जानकारी के अनुसार पीड़ित सक्षम प्राधिकारी नगर भूमि सीमारोपण कार्यालय के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। पीड़ित अमर सिंह वर्मा के मुताबिक राजेश कुमार मौर्य उनके कार्यालय में पहले से आते-जाते थे। 31 अगस्त 2017 को रिटायर होने के बाद मौर्य ने उनसे अपनी कंपनी में पैसा लगाने के लिए संपर्क किया। उन्हें भरोसा दिलाया गया कि महज 22 महीने में निवेश की रकम दोगुनी हो जाएगी।

आरोपी की बातों पर भरोसा करके पीड़ित ने 15 दिसंबर 2017 को गंगा इंफ्रासिटी प्राइवेट लिमिटेड के नाम 10 लाख रुपये का एसबीआई चेक दे दिया। शिकायत के मुताबिक 19 दिसंबर को पूरी रकम उनके खाते से कंपनी के खाते में ट्रांसफर हो गई।

बरेली कलेक्ट्रेट में गूंजी बेबस चीखें, न्याय न मिलने पर 4 महिलाओं ने किया आत्मदाह का प्रयास

दफ्तर पर लटका मिला ताला

पैसा लगाने के कुछ महीने बाद जब अमर सिंह वर्मा 10 जुलाई 2018 को ग्रीन पार्क स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। कार्यालय पर ताला लटका था। आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि कंपनी अपना सामान समेटकर वहां से जा चुकी है। इसके बाद पीड़ित ने अपनी रकम वापस पाने के लिए काफी समय तक इंतजार किया।

रकम वापस न मिलने पर अमर सिंह वर्मा ने 7 अगस्त 2026 को एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। उन्होंने कंपनी के एमडी राजेश कुमार मौर्य और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए अपनी 10 लाख रुपये की रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई।

Bareilly Breaking: बरेली में प्लाट कब्जे से परेशान चार महिलाओं ने कलेक्ट्रेट में आत्मदाह की कोशिश

जांच में जुटी पुलिस

एसएसपी के आदेश के बाद बारादरी पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब कंपनी के बैंक खातों, निवेश से जुड़े दस्तावेजों और लेनदेन की पड़ताल कर रही है। साथ ही कंपनी से जुड़े अन्य लोगों और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

शिकायत में गंगा इंफ्रासिटी पर बड़े पैमाने पर लोगों से निवेश कराने के आरोप लगाए गए हैं। मामले को करीब 200 करोड़ रुपये की ठगी से जोड़कर भी चर्चा हो रही है, हालांकि इस रकम और पीड़ितों की वास्तविक संख्या की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। अब पुलिस की जांच से सामने आएगा कि कंपनी ने कितने लोगों से पैसा लिया और रकम कहां-कहां इस्तेमाल की गई।

 

Location :  Bareilly

Published :  17 August 2026, 5:54 AM IST