
नदी में डूबने से युवक की मौत (Img: Google)
Banda: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। जसपुरा थाना क्षेत्र स्थित चंद्रावल नदी में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई-बहन और उनका रिश्तेदार शामिल है। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार, गौरी गांव निवासी रमाशंकर विश्वकर्मा का 10 वर्षीय बेटा अंश और 13 वर्षीय बेटी माधुरी सोमवार सुबह अपने रिश्तेदार प्रतीक के साथ चंद्रावल नदी में नहाने गए थे। प्रतीक कानपुर नगर के घाटमपुर क्षेत्र का रहने वाला था और इन दिनों अपने रिश्तेदारों के यहां आया हुआ था।
बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे नदी में नहाते समय धीरे-धीरे गहरे हिस्से की ओर चले गए। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में पहुंच गए। देखते ही देखते तीनों डूबने लगे और मदद के लिए आवाज लगाने लगे।
बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तत्काल नदी की ओर दौड़े और उन्हें बचाने का प्रयास किया। अंश का बड़ा भाई सिद्धार्थ भी नदी में कूदकर उन्हें बचाने पहुंचा, लेकिन पानी अधिक गहरा होने और बहाव तेज होने के कारण वह भी असहाय साबित हुआ।
ग्रामीणों की तमाम कोशिशों के बावजूद तीनों बच्चे पानी में लापता हो गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही जसपुरा थाना पुलिस गोताखोरों की टीम के साथ मौके पर पहुंची। नदी में बच्चों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया। करीब तीन घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने तीनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला।
बच्चों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया।
घर के भीतर ऐसा क्या हुआ कि पिता बन गया जल्लाद? अपनी ही बेटी और पत्नी को…
अस्पताल और नदी किनारे मौजूद लोगों की आंखें उस समय नम हो गईं जब तीनों बच्चों के शव बाहर निकाले गए। माता-पिता और अन्य परिजन बदहवास होकर रोने लगे। गांव में हर तरफ सिर्फ मातम और सन्नाटा दिखाई दिया।
पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए बांदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।
Location : Banda
Published : 15 June 2026, 1:55 PM IST