शादी के चार दिन बाद ही उजड़ गई दुनिया! दावत के बीच दूल्हे को निगल गई मौत
बलरामपुर में शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। सात फेरे लेने के कुछ ही दिन बाद दूल्हे के साथ ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को झकझोर दिया। नई नवेली दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है। आखिर उस रात ऐसा क्या हुआ जिसने एक हंसते-खेलते परिवार को बर्बाद कर दिया?
कुछ दिन पहले ही हुई थी युवक की शादी (Img: Dynamite News)
Balrampur: जिले के मैनहवा गांव में खुशियों का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया जब शादी के महज चार दिन बाद ही एक नवविवाहित युवक की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। जिस घर में अभी तक शादी के गीत गूंज रहे थे वहां गत दिवस अचानक चीख-पुकार मच गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया।
शादी के बीच बाइक लेकर निकला था युवक
बताया जा रहा है कि मैनहवा गांव निवासी प्रमोद यादव की शादी बीते बुधवार को सिद्धार्थनगर की रहने वाली कुसुम के साथ हुई थी। शादी के बाद परिवार में लगातार मेहमानों का आना-जाना लगा था और रविवार रात घर पर दावत का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान प्रमोद किसी जरूरी काम से बाइक लेकर घर से निकले थे।
गांव से कुछ दूरी पर पहुंचते ही उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि प्रमोद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने बहराइच रेफर कर दिया।
परिजनों ने उम्मीद नहीं छोड़ी और रातभर अस्पतालों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। देर रात इलाज के दौरान प्रमोद ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया।
सबसे दर्दनाक दृश्य उस वक्त देखने को मिला, जब नई नवेली दुल्हन कुसुम अपने पति का नाम लेकर फूट-फूटकर रोने लगी। जिस हाथ को थामकर उसने सात जन्मों का सपना देखा था वह साथ इतनी जल्दी छूट जाएगा, यह किसी ने नहीं सोचा था। परिवार का सबसे बड़ा बेटा होने के कारण घर की सारी जिम्मेदारियां भी प्रमोद के कंधों पर थीं।
हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार वाहन की तलाश के लिए आसपास के रास्तों और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।