
बलरामपुर में अवैध क्लीनिक सील (सोर्स: डाइनामाइट न्यूज़)
Balrampur: यूपी के बलरामपुर में ग्रामीण इलाकों में मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है। पचपेड़वा क्षेत्र में छापेमारी के दौरान एक अवैध क्लीनिक को रंगे हाथों पकड़ा गया और मौके पर ही सील कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
छापेमारी में खुला बड़ा खेल
मामला पचपेड़वा ब्लॉक के जूढ़ी कुइयां का है, जहां ‘नूर हेल्थ सेंटर एंड फिजियोथेरेपी सेंटर’ बिना किसी वैध पंजीकरण के संचालित हो रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रविवार को अचानक छापा मारा।
दस्तावेज मांगने पर नहीं मिला जवाब
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनिल चौधरी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जब क्लीनिक के संचालक डॉ. अफजल सूफियान से पंजीकरण, डिग्री और लाइसेंस से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी वैध कागज पेश नहीं कर सके। जांच में सेंटर पूरी तरह अवैध पाया गया।
Jharkhand News: चतरा में ड्रग तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, आइए जानते है कितने का माल हुआ बरामद
मौके पर ही सेंटर सील
स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर क्लीनिक को सील कर दिया। अधिकारियों ने साफ कहा कि बिना पंजीकरण के मेडिकल सेंटर चलाना कानूनन अपराध है और इससे आम लोगों की जान खतरे में पड़ती है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
इस मामले में पचपेड़वा थाने में संचालक के खिलाफ आईपीसी और मेडिकल एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इलाके में मचा हड़कंप
जैसे ही इस कार्रवाई की खबर फैली, आसपास के कई झोलाछाप डॉक्टर अपने क्लीनिक बंद कर गायब हो गए। इससे साफ है कि इलाके में बड़ी संख्या में अवैध रूप से क्लीनिक संचालित हो रहे हैं।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
स्वास्थ्य विभाग ने जनता से अपील की है कि वे केवल लाइसेंसधारी अस्पतालों में ही इलाज कराएं। साथ ही चेतावनी दी है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अन्य संदिग्ध क्लीनिकों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
Location : Balrampur
Published : 21 April 2026, 5:29 PM IST