बलरामपुर: चंदन लकड़ी तस्करी का बड़ा खुलासा, वन विभाग और SSB ने तीन तस्करों को दबोचा

बलरामपुर में वन विभाग और SSB की संयुक्त कार्रवाई में चंदन लकड़ी तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। लाल कार से आठ बोटे बरामद हुए। आरोपियों के पास कोई वैध परमिट नहीं था। वन अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

Balrampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में चंदन लकड़ी की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। वन विभाग और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन शातिर तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया था कि चौधरीडीह गांव के रास्ते बिना परमिट के चंदन लकड़ी की तस्करी की जा रही है।

लाल कार से हो रही थी तस्करी

सूचना के बाद एसएसबी की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) और वन विभाग ने इलाके में सघन नाकाबंदी की। सोमवार देर रात सिरसिया की ओर से एक संदिग्ध लाल रंग की कार आती दिखी, जिसके आगे दो मोटरसाइकिल सवार युवक रास्ता साफ कराने का इशारा कर रहे थे। सुरक्षा बलों ने तुरंत घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया।

मौके से तीन आरोपी गिरफ्तार

खुद को घिरता देख आरोपी कार छोड़कर भागने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार से चंदन की लकड़ी के आठ बड़े बोटे बरामद हुए। आरोपी किसी भी प्रकार का वैध परमिट या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

आरोपियों की पहचान

वन क्षेत्राधिकारी शत्रोहन लाल के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कानपुर के नेवादा तारपत निवासी सुशील पांडेय, नदीह खुर्द निवासी सत्येंद्र सिंह और कन्नौज के मुबारकपुर टीला निवासी महेश के रूप में हुई है।

अलीगढ़ में सिगरेट ओवररेटिंग पर बड़ा एक्शन, दुकानदार और कंपनी पर 10 लाख का लगा जुर्माना, जानिये पूरा मामला

वन अधिनियम के तहत केस दर्ज

तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। जब्त लकड़ी के मूल्यांकन और जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

चाकू से हमला, 10 दिन इलाज और फिर मौत…कानपुर में रिश्तों का खौफनाक अंत

नेटवर्क की जांच जारी

वन विभाग और पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद चंदन लकड़ी जंगली थी या अवैध रूप से काटी गई थी।

Location :  Balrampur

Published :  16 June 2026, 3:52 PM IST

Advertisement