
पुलिस व दुकानदार पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी
Balrampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के विशुनीपुर इलाके में एक भोजन की दुकान पर पैसे मांगने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में घायल युवक की पहचान राहुल सोनकर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार दो युवक राहुल सोनकर की दुकान पर खाना खाने आए थे। भोजन करने के बाद वे बिना पैसे दिए जाने लगे। जब राहुल ने उनसे भुगतान करने के लिए कहा तो दोनों युवक नाराज हो गए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और आरोपियों ने राहुल पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायल राहुल को तत्काल जिला मेमोरियल चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बहराइच अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कोतवाली नगर पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संयुक्त जिला अस्पताल के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू सिंह निवासी महराजगंज तराई क्षेत्र और संजय सिंह निवासी कोतवाली देहात क्षेत्र के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने बताया कि गुस्से में आकर उन्होंने हमला किया था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिवलखन सिंह, उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अरविंद जायसवाल और हेड कांस्टेबल शिवपाल शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Location : Balrampur
Published : 18 June 2026, 6:09 PM IST