सुबह इलाज कराने पहुंचे लोग, लेकिन मिल गए डीएम… फिर खुल गई बलरामपुर अस्पताल की पोल

बलरामपुर जिला संयुक्त चिकित्सालय में मंगलवार सुबह जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान कई चिकित्सक ड्यूटी से गायब मिले, जिस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए कड़ा एक्शन लिया और अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

Balrampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में आमजन को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एक्शन मोड में नजर आए। सुबह करीब नौ बजे जब जिला संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों की भीड़ बढ़ने लगी थी, तभी डीएम अचानक अस्पताल पहुंच गए। उनके औचक निरीक्षण से पूरे अस्पताल प्रशासन में खलबली मच गई।

अस्पताल पहुंचते ही जिलाधिकारी ने सबसे पहले ओपीडी का निरीक्षण किया। इस दौरान कई चिकित्सक अपने निर्धारित समय पर ड्यूटी से गायब मिले। डॉक्टरों के अनुपस्थित मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और मौके पर ही उपस्थिति पंजिका मंगवाकर जांच की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि इसका सीधा असर मरीजों पर पड़ता है।

डॉक्टर की जगह कर्मचारी देख रहे मरीज… “साहब जिले पर हैं” कहकर टाल रहे लोग, इलाज के लिए भटक रहे मरीज

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अनुपस्थित पाए गए चिकित्सकों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए और उनका वेतन व मानदेय रोका जाए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।

मरीजों से बात कर जाना अस्पताल का हाल

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वार्डों, एक्स-रे कक्ष और सीटी स्कैन विभाग का भी जायजा लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मरीजों से दवाओं की उपलब्धता, जांच शुल्क और इलाज से जुड़ी समस्याओं के बारे में पूछताछ की गई।

डीएम ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और केवल औपचारिक इलाज तक सीमित न रहा जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीज उम्मीद लेकर आते हैं, इसलिए उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। साफ-सफाई को लेकर भी जिलाधिकारी काफी सख्त नजर आए। उन्होंने वार्डों और शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को स्वच्छ और संक्रमण मुक्त वातावरण मिल सके।

जैसे मैं कोई कचरा उठाने वाला ट्रक हूं… जीत के बाद डेविड मिलर ने क्यों कहा ऐसा?

100 बेड क्रिटिकल केयर यूनिट का भी किया निरीक्षण

अस्पताल परिसर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए डीएम ने निर्माणाधीन 100 बेड वाले क्रिटिकल केयर यूनिट का भी जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने और तय समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि क्रिटिकल केयर यूनिट शुरू होने से जनपदवासियों को आधुनिक आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। निरीक्षण के अंत में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल की निगरानी केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि व्यवस्थाएं धरातल पर भी बेहतर दिखाई देनी चाहिए।

Location :  Balrampur

Published :  12 May 2026, 1:05 PM IST

Advertisement