
ओमवीर सिंह
Ballia : जिले में पुलिस ने संगठित अपराध और सोशल मीडिया के जरिए दहशत फैलाने वाले गैंगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन वज्रपात’ को तेज कर दिया है। वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष मोर्डिया के निर्देश पर चल रहे इस सात दिवसीय विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अब तक कई आपराधिक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने बताया कि ऐसे गैंग जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों का प्रदर्शन, दबंगई का प्रचार और आपराधिक घटनाओं का महिमामंडन करते हैं, उन्हें चिन्हित किया गया है। बीट पुलिसिंग और क्षेत्रीय स्तर पर निगरानी के बाद कुल 25 गैंग की पहचान की गई है, जिनके 263 सदस्यों का रिकॉर्ड तैयार किया गया है।
इन गैंगों के जरिए युवाओं को प्रभावित करने, समाज में भय का माहौल बनाने और अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही थी।
अभियान के दौरान पुलिस ने 15 अलग-अलग अभियोगों में 16 नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा कई अन्य मामलों में जांच और गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई लगातार आगे भी जारी रहेगी और किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।
बलिया पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय कई गैंगों की पहचान की है। इनमें कोतवाली, बैरिया, नगरा, सिकंदरपुर, बांसडीह, फेफना, सुखपुरा और अन्य क्षेत्रों में सक्रिय गैंग शामिल हैं। कुछ गैंग सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो कुछ जमीन पर दबदबा बनाने में लगे थे।
इनमें अजीत चौबे गैंग, रमेश मुसहर गैंग, कमलेश यादव गैंग, महाकाल गैंग, फरसा गैंग, राघव पांडेय गैंग और अन्य कई संगठित समूह शामिल हैं। पुलिस ने सभी गैंगों के लीडर और सदस्यों का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार कर लिया है।
कई गैंग लीडरों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और जिनके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिल रहे हैं, उन पर तुरंत केस दर्ज कर गिरफ्तारी की जा रही है।
अब तक गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मनीष वर्मा, आयुष राय उर्फ नारियल, उमेश कुमार राजभर, बबलू राम, गुड्डू उर्फ करिया नट, पवन कुमार खरवार सहित कई अन्य नाम शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि बाकी फरार अभियुक्तों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
बलिया पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति या समूह सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करता है, धमकी देता है या आपराधिक गतिविधियों का प्रचार करता है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। इसके लिए एक व्हाट्सएप बॉट नंबर भी जारी किया गया है। जहां सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने साफ किया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अब विशेष निगरानी रखी जा रही है। जो भी व्यक्ति रील्स या पोस्ट के जरिए अपराध का महिमामंडन करेगा या दबंगई दिखाएगा। उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत पुलिस की यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि अब संगठित अपराध और सोशल मीडिया गैंगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जिले में कानून व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत किया जाएगा।
Location : Ballia
Published : 8 June 2026, 10:39 PM IST