
25 वर्षीय महिला की मौत
बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। शहर से सटे जीराबस्ती स्थित एक निजी नर्सिंग होम में गुरुवार को ऑपरेशन के दौरान 25 वर्षीय महिला की मौत हो जाने से आक्रोशित परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरी घटना?
मिली जानकारी के अनुसार, सुखपुरा थाना क्षेत्र के सुलतानपुर गांव निवासी दीनबंधु राजभर की पत्नी कुसुम राजभर को प्रसव के लिए बुधवार को जीराबस्ती स्थित आकाश नर्सिंग होम में आशा बहू शकुंतला द्वारा भर्ती कराया गया था। रात करीब नौ बजे कुसुम का ऑपरेशन किया गया, लेकिन ऑपरेशन के तुरंत बाद उनकी हालत बिगड़ गई।
पुलिस ने मामले की जांच की शुरू
बताया जा रहा है कि चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर करने की बात कही, लेकिन रेफर किए जाने से पहले ही कुसुम की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मिली जानकारी के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह लोगों को शांत कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। गौरतलब है आज के समय में लोगों को बचाना बड़ा मुश्किल हो गया है, खासकर इस प्रकार की खबर बेहद चिंताजनक है।
Location : Ballia
Published : 26 March 2026, 9:37 PM IST
Topics : Ballia News Latest News private hospital UP News