बलिया जिले के सहतवार थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय बालक अभिषेक प्रजापति की हत्या कर शव यमुना नदी किनारे फेंक दिया गया। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।

परिजनों में मातम का माहौल
Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सहतवार थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगही में 10 वर्षीय बालक की निर्मम हत्या कर उसका शव यमुना नदी के किनारे फेंक दिया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, मृतक की पहचान अभिषेक प्रजापति के रूप में हुई है, जो चंदन कुमार प्रजापति का पुत्र था। परिजनों के अनुसार, अभिषेक 25 जनवरी की शाम घर से बाहर खेलने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास खोजबीन की, रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
बालक के घर न लौटने पर परिजनों ने सहतवार थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन कई घंटों की कोशिश के बावजूद बच्चे का कोई पता नहीं चल सका। इसी बीच रविवार की सुबह यमुना नदी के घाट पर एक बालक का शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया।
मुजफ्फरनगर मर्डर: दोस्त के साथ मिलने गया था जीवन, सुबह नाले में मिली कंबल में बंधी लाश
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। परिजनों को बुलाकर पहचान कराई गई, जिसमें शव की पुष्टि अभिषेक प्रजापति के रूप में हुई। मासूम का शव देखकर परिजन बदहवास हो गए और गांव में मातम छा गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने सहतवार थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
स्थिति को संभालने के लिए मौके पर एसडीएम बांसडीह, क्षेत्राधिकारी और सहतवार थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया और आश्वासन दिया कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Maharajganj Protest: यूजीसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, लोगों ने सड़कों पर उतरकर जताई नाराजगी
घटना की जानकारी मिलते ही बांसडीह विधायक नीरज कुमार सिंह उर्फ गुड्डू सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना जताई और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। प्रशासन द्वारा भी पीड़ित परिवार को सहायता दिए जाने की बात कही गई है।
फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।