
बलिया में पुलिसकर्मी की मौत से हड़कंप
Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। घटना में चितबड़ागांव थाने पर तैनात उप निरीक्षक संदीप कुमार प्रजापति (28) की मौत हो गई। धर्मापुर के पास रेलवे ट्रैक पर सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से उनकी जान चली गई। घटनास्थल के पास एक बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी मिली। पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार 14 नवंबर की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच चितबड़ागांव थाने को रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति के आत्महत्या करने की सूचना मिली। रेलवे के लोको पायलट की ओर से अगले स्टेशन पर मेमो (एमआरओ) के माध्यम से घटना की जानकारी दी गई थी। सूचना मिलते ही थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां रेलवे ट्रैक के पास एक बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी मिली।
बलिया में दरोगा की दर्दनाक मौत
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की तो मृतक की पहचान चितबड़ागांव थाने में तैनात उप निरीक्षक संदीप कुमार प्रजापति के रूप में हुई। संदीप मूल रूप से संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के बरांव गांव के निवासी थे। उनके पिता का नाम रामाश्रय प्रजापति बताया गया है। वह पिछले करीब 11 महीने से चितबड़ागांव थाने में उप निरीक्षक के पद पर तैनात थे।
संदीप कुमार का दो दिन पहले ही चितबड़ागांव थाने से पकड़ी थाने में स्थानांतरण हुआ था। हालांकि, छठ पर्व के कारण वह अभी पुराने तैनाती स्थल से कार्यमुक्त नहीं हुए थे। शनिवार की शाम वह ड्यूटी पर जाने के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि धर्मापुर मार्ग पर रेलवे ट्रैक के पास उन्होंने अपनी बाइक खड़ी की और मोबाइल रखकर ट्रेन के आगे आ गए।
घटना की जानकारी पुलिस ने संदीप के परिजनों को दे दी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उप निरीक्षक ने आत्महत्या की है। हालांकि घटना के पीछे क्या कारण रहे, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
उन्होंने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। 28 वर्षीय उप निरीक्षक की अचानक मौत से पुलिस महकमे में शोक और हलचल का माहौल है। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
Location : Ballia
Published : 15 November 2026, 12:14 AM IST
Topics : Ballia chitabargaon police station Railway Track Incident sarnath express sub inspector death