
बहराइच में भीषण सड़क हादसा
Bahraich: यूपी के बहराइच में रविवार देर रात को भयानक सड़क हादसा हो गया। मटेरा थाना इलाके के नानपारा- बहराइच मार्ग पर नेपाल से लौट रही तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी कंबाइन मशीन से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दो घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसा मटेरा इलाके के धनौली मोड़ के पास हुआ।
हादसे में अश्विनी कुमार पुत्र रामकुमार निवासी मेटुकहा थाना रामगांव, अल्ताफ अहमद पुत्र अब्दुल कादिर निवासी हमजापुरा बहराइच, रामनारायण व अनिल कुमार पुत्र श्याम नारायण निवासी मेटुकहा थाना रामगांव तथा महेंद्र पाल पुत्र राधेश्याम निवासी मोहम्मदनगर थाना फतेहपुर मोहम्मदनगर कार में सवार थे। इनमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही मटेरा थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। एएसपी डीपी तिवारी ने बताया कि घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। चारों मृतक बहराइच के निवासी हैं। एक घायल की पहचान शिवम श्रीवास्तव के रूप में हुई है व एक अन्य की पहचान नहीं हो पाई है।
Location : Bahraich
Published : 18 May 2026, 5:16 AM IST