
प्रतीकात्मक छवि (Image Source: AI)
Bagpat: उत्तर प्रदेश के बागपत में बीपी इंटर कॉलेज बिजवाड़ा में वेतन से जुड़े एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि एक शिक्षक और एक शिक्षिका लंबे समय से विद्यालय आए बिना नियमित रूप से वेतन ले रहे थे। कॉलेज में ही तैनात एक शिक्षक की शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) राजीव कुमार यादव ने दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। साथ ही कॉलेज प्रबंधक को उनकी बर्खास्तगी और वेतन के रूप में ली गई धनराशि की वसूली की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इस मामले के सामने आने के बाद वेतन जारी करने की पूरी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
बीपी इंटर कॉलेज बिजवाड़ा में तैनात शिक्षक सुभाष चंद्र ने करीब एक माह पहले शिक्षा विभाग के अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक मामले की शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके कॉलेज में नियुक्त शिक्षक परमजीत सिंह और शिक्षिका चेतना सक्सेना लंबे समय से बिना ड्यूटी किए नियमित रूप से वेतन प्राप्त कर रहे हैं।
Police Transfer: गोरखपुर में 200 से अधिक दारोगाओं के तबादले, कई थानों में बदली तैनाती
शिकायत मिलने के बाद डीआईओएस राजीव कुमार यादव ने जीआईसी के प्रधानाचार्य अंतरिक्ष कुमार के नेतृत्व में एक जांच कमेटी गठित की। कमेटी की जांच में दोनों शिक्षकों के विद्यालय नहीं आने और नियमित रूप से वेतन प्राप्त करने की बात सामने आई।
डीआईओएस के मुताबिक, शिक्षक परमजीत सिंह की नियुक्ति मृतक आश्रित कोटे से वर्ष 2012 में हुई थी, जबकि शिक्षिका चेतना सक्सेना की नियुक्ति उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग से वर्ष 2017 में हुई थी। जांच में सामने आया कि दोनों शिक्षक नियुक्ति के बाद से ही विद्यालय नहीं आए, इसके बावजूद उनका वेतन नियमित रूप से जारी होता रहा।
शिक्षकों को इतने लंबे समय तक बिना विद्यालय आए वेतन जारी होने के मामले ने कॉलेज प्रबंधन और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कॉलेज के कर्मचारियों का वेतन जारी करने की प्रक्रिया कई स्तरों से होकर गुजरती है।
प्रधानाचार्य और प्रबंधक की संस्तुति के बाद सहायक वित्त लेखाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और कोषागार की मुहर लगने पर ही कॉलेज के कर्मचारियों का वेतन जारी होता है। इसके बावजूद लंबे समय तक दोनों शिक्षकों को नियमित रूप से वेतन मिलता रहा।
मामले का खुलासा होने के बाद कॉलेज से लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय तक खलबली मची हुई है। अब सवाल उठ रहा है कि वेतन जारी करने की प्रक्रिया में इतने स्तरों पर अधिकारियों की भूमिका होने के बावजूद शिक्षकों की अनुपस्थिति का मामला इतने वर्षों तक सामने क्यों नहीं आया।
डीआईओएस राजीव कुमार यादव ने बताया कि दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। कॉलेज के प्रबंधक निर्भय सिंह को परमजीत सिंह और चेतना सक्सेना की बर्खास्तगी के लिए निर्देशित किया गया है। इसके अलावा दोनों शिक्षकों से वेतन के रूप में ली गई धनराशि की वसूली की प्रक्रिया शुरू करने को भी कहा गया है। दोनों को वेतन के रूप में जारी की गई धनराशि करोड़ों में बताई गई है।
वहीं, मामले की जांच शुरू होने के बाद शिक्षिका चेतना सक्सेना ने कॉलेज में अपना इस्तीफा भिजवा दिया है। जांच अधिकारी ने जांच के दौरान पाया कि चेतना सक्सेना मेरठ में एक कोचिंग सेंटर संचालित करती हैं।
Location : Bagpat
Published : 25 November 2026, 6:49 AM IST