
प्रतीकात्मक छवि (Image Source: AI)
Budaun: बदायूं के जरीफनगर थाने में पुलिस अभिरक्षा से चोरी का एक आरोपी फरार हो गया। आरोपी ने शौचालय के रोशनदान से बाहर निकलकर पुलिस को चकमा दिया। बताया जा रहा है कि शौच के लिए जाते समय उसके हाथ में हथकड़ी लगी थी और हथकड़ी से बंधी रस्सी की सिलाई काटकर उसने खुद को अलग कर लिया। घटना शुक्रवार शाम करीब आठ बजे की बताई जा रही है। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
मामला जरीफनगर थाना क्षेत्र के दहगवां चौराहे का है। यहां सपा नेता लड्डन मियां के पेट्रोल पंप की रसोई से गैस सिलिंडर चोरी होने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, दहगवां के वार्ड नंबर-1 निवासी मिथुन उर्फ टिकाऊ पर सिलिंडर चोरी करने का आरोप है। चोरी के बाद आरोपी सिलिंडर को खेत में फेंककर वहां से चला गया था। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई थी।
इस मामले में पेट्रोल पंप के मैनेजर महिपाल ने शुक्रवार दोपहर जरीफनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस आरोपी मिथुन को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस उससे चोरी के मामले में पूछताछ कर रही थी। हालांकि, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के बयान के मुताबिक, आरोपी को थाने के रजिस्टर में दाखिल नहीं किया गया था। उससे तस्करा डालकर पूछताछ की जा रही थी।
Delhi Fire News: मंगोलपुरी में एक फैक्टरी बनी आग का गोला, 4 लोगों की मौत
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब आठ बजे आरोपी ने शौच जाने की बात कही। इस पर एक सिपाही उसे हथकड़ी लगाकर शौचालय तक ले गया। आरोपी शौचालय के अंदर चला गया, जबकि सिपाही हथकड़ी से बंधी रस्सी को बाहर से पकड़े खड़ा रहा। इसी दौरान आरोपी ने रस्सी की सिलाई काट दी और खुद को हथकड़ी से अलग कर लिया।
इसके बाद वह शौचालय के ऐसे रोशनदान से बाहर निकल गया, जिसमें जंगला नहीं लगा था। काफी देर तक आरोपी बाहर नहीं आया तो सिपाही ने उसे आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर सिपाही ने हथकड़ी से बंधी रस्सी खींची तो वह अलग होकर उसके हाथ में आ गई।
महराजगंज में पुलिस को मिली कामयाबी, NDPS एक्ट के वांछित आरोपी को दबोचा
इसके बाद शोर मचने पर शौचालय का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर आरोपी नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। घटना में आरोपी के थाने से फरार होने और शौचालय के रोशनदान में जंगला नहीं होने की बात सामने आई है।
एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि चोरी के आरोपित को जरीफनगर थाने लाया गया था, लेकिन उसे दाखिल नहीं किया गया था। तस्करा डालकर उससे पूछताछ की जा रही थी। उन्होंने कहा कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद थाने में आरोपी की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
Location : Budaun
Published : 31 October 2026, 1:53 AM IST