
बदायूं लूट मामले में आरोपी गिरफ्तार (Image Source: Dynamite News)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं में व्यापारी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस केस में पकड़ा गया मुख्य आरोपी कोई बाहरी अपराधी नहीं बल्कि पीड़ित व्यापारी का पूर्व कर्मचारी ही निकला। थाना कोतवाली पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1,60,880 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल जूपिटर स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
28 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:15 बजे पटियाली सराय वादिया दरबाजा निवासी व्यापारी अंशुमन वैश्य अपनी मेडिकल स्टोर "अंशू इंटरप्राइजेज" को मढई चौक से बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह हुसैनी गली स्थित भारद्वाज टेंट हाउस के पास पहुंचे, पीछे से स्कूटी सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका बैग छीन लिया और फरार हो गए।
साइबर ठगी का मास्टरमाइंड चढ़ा UP STF के हत्थे, महाराजगंज से निकला नेटवर्क
बैग में करीब 2 लाख रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और दुकान की चाबियां मौजूद थीं। घटना के बाद व्यापारी ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मु0अ0सं0 95/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आरोपियों की पहचान की।
बदायूं में व्यापारी से 2 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पूर्व कर्मचारी को मास्टरमाइंड बताते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 1.60 लाख रुपये, स्कूटी और मोबाइल बरामद किए हैं। सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई, आगे… pic.twitter.com/150RNLQNpU
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 2, 2026
मुखबिर की सटीक सूचना पर गांधी ग्राउंड इलाके से भरत पुत्र बंटी कश्यप निवासी कल्याण नगर को उसके नाबालिग साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में उनके पास से लूट की रकम 1,60,880 रुपये, स्कूटी संख्या UP24 AB 4293 (जूपिटर) और एक वीवो व एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई।
Balrampur Accident: जांच रिपोर्ट का खुलासा! सड़क नहीं, बेकाबू रफ्तार बनी तीन मौतों की वजह
पूछताछ में मुख्य आरोपी भरत ने खुलासा किया कि वह अंशुमन वैश्य की दुकान पर तीन साल तक काम कर चुका था और दो महीने पहले ही नौकरी छोड़ दी थी। पैसों की तंगी से जूझ रहे भरत ने अपने पुराने मालिक की दिनचर्या, दुकान बंद करने का समय और नकदी ले जाने की जानकारी का फायदा उठाया। उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी ने यह भी बताया कि घटना के बाद उसने लूटे गए मोबाइल फोन और दुकान की चाबियां रोजा मकबरा के पास फेंक दी थीं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Location : Budaun
Published : 2 May 2026, 2:24 PM IST