
महिला ने फसल नष्ट करने का लगाया आरोप
Budaun: जनपद के थाना कादरचौक क्षेत्र के ग्राम गढ़िया गंगवार से फसल नष्ट करने और पुलिस पर अभद्रता का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़ित महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
ग्राम गढ़िया गंगवार निवासी राजेश्वरी पत्नी राजेंद्र ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 15 सितंबर 2026 को विपक्षी मोरपाल, अमरपाल एवं नन्हे लाल पुत्रगण गोदनलाल निवासी गढ़िया गंगवार ट्रैक्टर लेकर उसके खेत पर पहुंचे और खेत में खड़ी बाजरे की फसल को ट्रैक्टर से जुतवाकर नष्ट कर दिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो विपक्षियों ने लाठी-डंडों के बल पर उसे धमकाया और जबरन उसके खेत में सरसों की फसल बो दी। इस घटना के बाद पीड़िता न्याय के लिए भूड़ा भदरौल चौकी पर शिकायत लेकर पहुंची।
महिला ने आरोप लगाया है कि चौकी से कांस्टेबल बन्टू और आकाश अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर तो पहुंचे, लेकिन उन्होंने विपक्षियों के साथ मिलकर उसके साथ अनुचित व्यवहार किया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ कथित रूप से अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया और धमकी भी दी। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि इस पूरी घटना की मोबाइल वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग उसके पास सुरक्षित है।
पीड़ित महिला ने एसएसपी बदायूं से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर फसल नष्ट करने वाले विपक्षियों और अभद्रता करने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
Location : Budaun
Published : 1 October 2026, 11:39 PM IST