IITian से रामकाज तक: जानिए कौन हैं जगदिष आफले, जिन्हें मिली राम मंदिर के पहले सचिव की कमान

राम मंदिर ट्रस्ट को मिला पहला 'सचिव'। IIT मुंबई से पढ़े और अमेरिका-यूरोप में काम कर चुके जगदीश आफले संभालेंगे बड़ी जिम्मेदारी। जानिए कैसे बिना वेतन काम करने वाले इस इंजीनियर ने सुलझाई SBI और राम मंदिर ट्रस्ट के बीच उपजे वित्तीय संकट की गुत्थी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 29 July 2026, 8:16 AM IST

Ayodhya: अयोध्या के राम मंदिर में व्यवस्थाओं को नया और पारदर्शी रूप देने की शुरुआत हो चुकी है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन प्रक्रिया में हो रही देरी को देखते हुए ट्रस्ट ने एक बड़ा कदम उठाया है। मंदिर निर्माण से जुड़े वरिष्ठ सदस्य जगदीश आफले को ट्रस्ट का पहला सचिव नियुक्त किया गया है। 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में इस फैसले पर आधिकारिक मुहर लगाई जाएगी।

विदेश की नौकरी छोड़ राम मंदिर के लिए दिया मुफ्त योगदान

महाराष्ट्र के पुणे से ताल्लुक रखने वाले जगदीश आफले का जीवन तकनीकी दक्षता और सेवा भावना का अनोखा उदाहरण है। उन्होंने आईआईटी मुंबई से इलेक्ट्रिकल में बीटेक और एमटेक की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने यूरोप और अमेरिका की कई बड़ी मल्टीनेशनल कंपनियों में उच्च पदों पर काम किया।

रिटायरमेंट के बाद भारत लौटे आफले बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े रहे हैं। जब राम मंदिर निर्माण का ऐतिहासिक फैसला आया, तो वे बिना कोई वेतन लिए प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में अयोध्या आ गए। वे पिछले काफी समय से अपनी पत्नी के साथ तीर्थ क्षेत्र भवन में ही रह रहे हैं।

अयोध्या दान चोरी कांड: न बैंक वालों पर शिकंजा, न सफेदपोशों का खुलासा; जानिए नई SIT के आगे क्या हैं बड़ी चुनौतियां

जब अटका वेतन और भुगतान, तब संभाला वित्तीय मोर्चा

अयोध्या राम मंदिर में चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे के बाद भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में आधिकारिक हस्ताक्षरकर्ता को लेकर गतिरोध पैदा हो गया था। बैंक नियमावली के अनुसार आफले ट्रस्टी नहीं थे, इसलिए खातों के संचालन पर कुछ समय के लिए कानूनी सवाल खड़े हो गए थे।

इस वित्तीय रुकावट के कारण लगभग 1000 कर्मचारियों का जून महीने का वेतन और कई आउटसोर्सिंग एजेंसियों का भुगतान रुक गया था। हालांकि, ट्रस्ट ने नया प्रस्ताव पारित कर एसबीआई को भेजा, जिसके बाद अब जगदिष आफले को अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता (Authorized Signatory) स्वीकार कर लिया गया है और वित्तीय प्रक्रिया फिर से सामान्य हो गई है।

अयोध्या में बड़ा फैसला, राम मंदिर ट्रस्ट में अंतरिम महासचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे डॉ. कृष्ण मोहन

सीईओ की रेस में 5200 लोग, जल्द मिलेगा प्रवक्ता

राम मंदिर के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने बताया कि सीईओ पद के लिए देशभर से 5200 से अधिक आवेदन मिले हैं। पूर्व न्यायाधीश प्रमोद कोहली की अध्यक्षता वाली समिति इन आवेदनों की छंटनी कर रही है। इसमें समय लगने के कारण ही प्रशासनिक कार्यों को गति देने के लिए आफले को 'सचिव' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, ट्रस्ट जल्द ही अपने आधिकारिक प्रवक्ता के नाम का भी ऐलान करने जा रहा है।

Location :  Ayodhya

Published :  29 July 2026, 8:16 AM IST