झांसी में टक्कर के बाद ऑटो बना आग का गोला, सविता समेत 4 लोग झुलसे, कार छोड़कर भागा ड्राइवर

झांसी में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लग्जरी कार की टक्कर के बाद CNG ऑटो में आग लग गई, जिसमें ड्राइवर समेत चार लोग झुलस गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 27 September 2026, 7:39 PM IST

Jhansi News: झांसी में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को दहला दिया। हंसारी रेलवे क्रॉसिंग के पास एक तेज रफ्तार लग्जरी कार ने CNG ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो देखते ही देखते आग के गोले में बदल गया। करीब 20 फीट ऊंची लपटें उठने लगी और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में ऑटो चालक समेत 4 लोग झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं, हादसे के बाद कार चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

महिला ने बताया हादसे के बाद का खौफनाक मंजर

हादसे में घायल सविता नागर ने बताया कि टक्कर के बाद वह ऑटो से बाहर गिर गई थी। इसके तुरंत बाद ऑटो में भीषण आग लग गई। आसपास मौजूद लोग चिल्लाने लगे कि भागो-भागो, लेकिन उनके पैर बुरी तरह झुलस चुके थे और वह दौड़ नहीं पा रही थी। सविता ने बताया कि उन्होंने हिम्मत जुटाई और घिसटते हुए करीब 20 मीटर तक दूर पहुंची। इसी दौरान दो युवकों ने उन्हें उठाकर सुरक्षित जगह पहुंचाया और उनकी जान बचाई।

नाइट ड्यूटी से लौट रही थी सविता

सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की आईटीआई कॉलोनी निवासी सविता नागर बबीना एमएच हॉस्पिटल में वार्ड सहायिका के पद पर काम करती हैं। वह नाइट ड्यूटी खत्म कर सुबह ऑटो से घर लौट रही थीं, तभी यह हादसा हो गया। वहीं, 70 वर्षीय फूला देवी अपने भांजे कमलेश से मिलने तालपुरा जा रही थी। हादसे के दौरान वह भी ऑटो में मौजूद थीं और किसी तरह अपनी जान बचा पाई।

रॉन्ग साइड से आई कार ने मारी टक्कर

बबीना के रसोई गांव निवासी ऑटो चालक कुमेर यादव ने बताया कि वह रविवार सुबह ऑटो में पांच सवारियां बैठाकर बबीना से झांसी की ओर आ रहे थे। जैसे ही ऑटो हंसारी रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचा, सामने से आ रही हुंडई वरना कार रॉन्ग साइड में आ गई और ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। कुमेर के मुताबिक, टक्कर के बाद कार ऑटो को करीब 10 मीटर तक घसीटती हुई ले गई। इसके बाद ऑटो में तुरंत आग लग गई। हादसे में कुछ लोग बाहर गिर गए, जबकि बाकी लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

चार लोग घायल, ऑटो पूरी तरह जला

हादसे में ऑटो चालक कुमेर यादव (50), खैलार निवासी राजीव (31), बबीना के राजा का तालाब निवासी फूला देवी (70) और आईटीआई कॉलोनी निवासी सविता नागर (44) घायल हुई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ऑटो पूरी तरह जल चुका था। सदर बाजार थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारणों और फरार कार चालक के बारे में जांच की जा रही है।

Location :  Jhansi

Published :  27 September 2026, 7:39 PM IST