हिंदी
सपा सांसद रामजीलाल सुमन पहुंचे अलीगढ़
अलीगढ़: जिले के अतरौली क्षेत्र स्थित काजिमाबाद गांव में गुरुवार रात एक दलित युवक की बारात पर हमला हुआ। यह बारात खुर्जा से आई थी और जब वह गांव में दाखिल हुई, तभी दूल्हे की गाड़ी गांव के एक बच्चे से हल्के से टकरा गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इसी मामूली घटना को लेकर गांव के कुछ दबंग भड़क उठे। उन्होंने पहले ड्राइवर की पिटाई की और फिर दूल्हे पर हमला बोल दिया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लूटपाट भी हुई और बारातियों को जान बचाकर भागना पड़ा।
सांसद का दौरा
शनिवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए योगी सरकार पर तीखा हमला किया। सुमन ने कहा कि यह केवल एक जातीय हमला नहीं, बल्कि सामाजिक असमानता और टकराव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दलित समाज अब पुरानी गुलामी और भय की मानसिकता में नहीं जी सकता।
समाज में बदलाव की जरूरत पर जोर
सांसद सुमन ने समाज की सोच बदलने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि हम 21वीं सदी में जी रहे हैं, जहां हर व्यक्ति को सम्मान और सुरक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने लोधे समाज से भी अपील की कि वे सद्भाव बनाए रखें और विवेक से काम लें। सुमन ने इस बात पर चिंता जताई कि सामाजिक तनाव लगातार बढ़ रहा है और अगर इसे समय रहते नहीं रोका गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
योगी सरकार पर गंभीर आरोप
सांसद ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का कोई खौफ नहीं है क्योंकि सरकार की न तो कोई नीयत दिखती है और न ही कार्रवाई। दलितों और अल्पसंख्यकों पर हमले आम होते जा रहे हैं और प्रशासन केवल मूकदर्शक बना बैठा है।
न्याय की मांग और चेतावनी
सुमन ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द न्याय नहीं मिला तो वह सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करेंगे। इस घटना ने एक बार फिर समाज में गहरे जातीय विभाजन और असमानता की पोल खोल दी है। ग्रामीणों में अब भी डर का माहौल है, जबकि प्रशासन जांच में जुटा है।
Location : Aligarh
Published : 1 June 2025, 12:33 PM IST