हिंदी
अतीक अहमद की बेनामी संपत्ति पर बड़ी कार्रवाई
Prayagraj: संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कमिश्नरेट प्रयागराज पुलिस ने रविवार को मृतक माफिया अतीक अहमद की बेनामी अचल संपत्ति कुर्क की। कैंट और एयरपोर्ट थाने की पुलिस ने राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के साथ मौजा भीटी, ताल्लुका असदुल्लापुर, तहसील सदर में यह कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, संपत्ति अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई थी और दूसरे व्यक्ति के नाम पर दर्ज कराई गई थी।पुलिस के मुताबिक पुलिस आयुक्त न्यायालय में वाद संख्या सीपी 2026004 (N)/2026 में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत 27 जुलाई 2026 को आदेश पारित किया गया था। इसी आदेश के अनुपालन में 25 अक्टूबर को संपत्ति कुर्क की गई।
पुलिस का दावा है कि अतीक अहमद ने अपने प्रभाव और दबदबे का इस्तेमाल कर लोगों को डराया-धमकाया और अपराध से अर्जित धन से जमीनें खरीदीं। आरोप है कि इनमें से कुछ जमीनें अनुसूचित समाज के व्यक्ति मदन लाल भारतीया के नाम पर बेनामी संपत्ति के रूप में दर्ज कराई गई थीं। पुलिस ने कुर्क की गई संपत्ति को अतीक अहमद की बेनामी संपत्ति बताया है।
पुलिस की ओर से जारी विवरण के मुताबिक कुर्की की कार्रवाई में कुल 14 आराजी नंबरों में दर्ज जमीन शामिल है। इनमें आराजी संख्या 592, 133, 594 और 591 के एक-छठे हिस्से के साथ आराजी संख्या 568, 485, 489 मि., 469, 598, 138 के एक-पांचवें हिस्से सहित आराजी संख्या 488, 566, 587 और 558 की जमीन शामिल है। आराजी संख्या 138 में कुल 0.2970 हेक्टेयर में से 0.0594 हेक्टेयर हिस्सा कुर्क किया गया है।
कुर्की की कार्रवाई में कैंट थाना प्रभारी अमर नाथ राय, उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल तुफैल खान और कांस्टेबल रितेश प्रसाद शामिल रहे। एयरपोर्ट थाने से पीपलगांव चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कुमार गौरव सिंह और कांस्टेबल रविंद्र सिंह ने कार्रवाई में हिस्सा लिया। राजस्व विभाग की ओर से क्षेत्रीय लेखपाल प्रतीक पांडेय मौजूद रहे।
Location : Prayagraj
Published : 26 October 2026, 1:26 AM IST