
अरविंद चौधरी मौत कांड का खुलासा
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज में चर्चित अरविंद चौधरी मौत कांड में पुलिस जांच के बाद बड़ा खुलासा सामने आया है। अब तक इस मामले को हत्या के एंगल से देखा जा रहा था, लेकिन पुलिस द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों और तकनीकी जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि अरविंद की मौत सड़क दुर्घटना में हुई थी।
क्या है पूरी खबर?
थाना फरेंदा में 17 मार्च 2026 को दर्ज इस प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और पीपीगंज टोल प्लाजा के रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की। फुटेज के विश्लेषण में सामने आया कि 28 वर्षीय अरविंद चौधरी को रात करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
अरविंद को टक्कर मारी और घटनास्थल से फरार
जानकारी के मुताबिक, जांच में यह भी पता चला कि वाहन पीपीगंज की ओर से फरेंदा आ रहा था। चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए अरविंद को टक्कर मारी और घटनास्थल से फरार हो गया। वारदात के बाद आरोपी चालक ने कुछ दूरी पर कट से यू-टर्न लिया और सर्विस लेन के रास्ते छतरी पुल के नीचे से होते हुए वापस गोरखपुर की दिशा में निकल गया।
आगे की कार्रवाई शुरू
पुलिस के अनुसार, एक महत्वपूर्ण तथ्य यह सामने आया कि फरेंदा की ओर आते समय वाहन में कोई क्षति नहीं थी, जबकि लौटते समय उसमें स्पष्ट रूप से नुकसान दिखाई दे रहा था। इसी आधार पर पुलिस ने वाहन की पहचान सुनिश्चित की और आगे की कार्रवाई शुरू की।
आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी
वाहन स्वामी से संपर्क स्थापित कर पुलिस ने चालक राजेंद्र प्रजापति (31), निवासी पादरी बाजार, थाना शाहपुर, जनपद गोरखपुर तथा उसके सहयात्री सचिन (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में पर्याप्त साक्ष्य एकत्र कर लिए गए हैं और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 22 March 2026, 6:11 PM IST
Topics : Arvind Chaudhary collision death Maharajganj