
प्रतीकात्मक फोटो
Noida: नोएडा की हाईराइज सोसाइटी में पड़ोसियों के बीच चल रहा विवाद अब थाने तक पहुंच गया है। मामला इतना अजीब था कि पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए। सेक्टर-134 में स्थित जेपी ग्रीन्स कॉस्मोस हाउसिंग सोसाइटी में रहने वाली एक महिला मरे हुए चूहे को पॉलीथिन में पैक करके सीधे थाने पहुंच गई और पड़ोसी पर उसे परेशान करने के लिए फ्लैट के बाहर बार-बार मारकर चूहे फेंकने का आरोप लगाया। व्हाट्सऐप ग्रुप पर लोगों ने इसे ‘रैट वॉर’ तक कहना शुरू कर दिया।
फ्लैट के बाहर फेंका जा रहा था मरा चूहा?
जानकारी के मुताबिक, मामला एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र के सेक्टर-134 स्थित कॉसमॉस सोसाइटी का है। सोसाइटी में रहने वाली महिला तमन्ना ने पुलिस को बताया कि उसका पड़ोसी पिछले कई दिनों से उसे परेशान करने के लिए घर के बाहर मरे हुए चूहे फेंक रहा है। शुरुआत में उसने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन जब यह लगातार होने लगा तो वह नाराज हो गई।
पॉलीथिन में चूहा लेकर पहुंची थाने
महिला ने मरे हुए चूहे को पॉलीथिन में पैक किया और सीधे थाने पहुंच गई। उसने पुलिस के सामने चूहा रखकर कार्रवाई की मांग की। महिला ने खुद को एनिमल लवर बताते हुए कहा कि किसी जानवर को मारकर इस तरह फेंकना अमानवीय है और यह उसे मानसिक रूप से परेशान करने की कोशिश है। महिला की शिकायत सुनकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए चौंक गए।
दोनों परिवारों में पहले से चल रहा विवाद
सोसाइटी के लोगों का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से ही किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी तनाव के बीच यह मामला और बढ़ गया। घटना की खबर फैलते ही सोसाइटी के व्हाट्सऐप ग्रुप में चर्चा शुरू हो गई। कई लोगों ने मजाकिया अंदाज में इसे ‘रैट वॉर’ नाम दे दिया, जबकि कुछ लोगों ने इसे गंभीर पड़ोसी विवाद बताया। इस मामले में कुछ लोगों ने गुस्सा दिखाते हुए कहा कि ऐसे मामलों से पुलिस परेशान होती है। पुलिस को ऐसे छोटे-मोटे मामलों से परेशान करने वाले लोगों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
नोएडा की कंपनी से डाटा चुराकर ‘सरकार’ ने बनाया सेक्सवर्धक दवा बेचने वाला गैंग, मेरठ तक फैला था जाल
पुलिस बोली- लिखित शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
अभी तक मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। थाना प्रभारी अमित खारी ने बताया कि महिला को लिखित शिकायत देने के लिए कहा गया है। शिकायत मिलने के बाद जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। करीब एक घंटे तक बातचीत के बाद महिला वापस सोसाइटी लौट गई। महिला ने कोई शिकायत नहीं दी है।
Location : Noida
Published : 17 May 2026, 5:47 PM IST