हिंदी
सड़क हादसा (Img : Google)
Unnao : जिले के बांगरमऊ क्षेत्र में रविवार की सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उस वक्त चीख-पुकार मच गई। तेज रफ्तार स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और अंदर बैठे यात्री बुरी तरह सहम गए। हादसे में सबसे ज्यादा आजमगढ़ के यात्री घायल हुए हैं। कई अन्य जिलों के लोग भी जख्मी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली से करीब 40 यात्रियों को लेकर स्लीपर बस आजमगढ़ की ओर जा रही थी। सुबह करीब 6 बजे जैसे ही बस बांगरमऊ के रघुरामपुर गांव के पास पहुंची, चालक ने आगे चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे ट्रेलर के पीछे जा टकराई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया। प्राथमिक इलाज के बाद कुछ यात्रियों को घर भेज दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
इस हादसे में सिर्फ एक जिले के नहीं बल्कि कई जिलों के यात्री शामिल थे। आजमगढ़ के अलावा जौनपुर, सुल्तानपुर, अमेठी, अंबेडकरनगर, लखनऊ, गाजियाबाद और बिहार के सिवान जिले के लोग भी घायल हुए हैं। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायलों में नारायण दत्त द्विवेदी, श्रीकांत यादव, सौरभ तिवारी, सोनू सिंह, संतोष कुमार, संदीप, मुन्नी देवी, अक्षत कुमार और अजीत सहित कई लोग शामिल हैं। वहीं जौनपुर के सचिन सिंह भी इस हादसे में घायल हुए हैं। कुल मिलाकर 20 से ज्यादा लोग चोटिल बताए जा रहे हैं।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर सपा नेताओं का हल्लाबोल, कोर्ट के इस फैसले के खिलाफ दिया धरना
कोतवाल अखिलेश चंद्र पाण्डेय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को हटवाकर टोल प्लाजा पर खड़ा करा दिया गया है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान वाहन का नियंत्रण खोना माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Location : Unnao
Published : 17 May 2026, 6:13 PM IST