
राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर निकली SSB की रैली फोटो सोर्स- ़ डाइनामाइट न्यूज
महराजगंज: नौतनवा (महराजगंज) लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत 66वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) की ओर से शनिवार को भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वाहिनी के कमांडेंट जगदीश प्रसाद धाबाई के मार्गदर्शन में कैंपियरगंज स्थित वाहिनी मुख्यालय सहित अधीनस्थ सीमा चौकियों पर बाइक रैली, साइकिल रैली, वॉकथन और राष्ट्रीय एकता की शपथ का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक बाइक और साइकिल रैली में हिस्सा लिया। रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो कार्यक्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान देशभक्ति के नारों के साथ आम नागरिकों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और सामाजिक 'सौहार्द' का संदेश दिया गया।
वहीं, शपथ ग्रहण समारोह में बल के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने देश की एकता, अखंडता एवं आंतरिक सुरक्षा को बनाए रखने का संकल्प लिया। सभी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों और उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रतिबद्धता जताई।
इसके साथ ही राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य वॉकथन (पदयात्रा) निकाली गई। पदयात्रा के माध्यम से स्थानीय लोगों को एकजुटता, देशप्रेम और राष्ट्रसेवा के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर उप कमांडेंट अमित कुमार सिंह, अपूर्व आनंद, निरीक्षक अभिषेक कुमार, निरीक्षक कुमार पवन सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।कार्यक्रम का समापन 'सेवा, सुरक्षा और बंधुत्व' के मूल मंत्र के साथ हुआ। आयोजन के माध्यम से SSB ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का मजबूत संदेश दिया।
Location : महराजगंज
Published : 31 October 2026, 7:38 PM IST