हिंदी
दिनदहाड़े मिली युवक की लाश (Img- Internet)
Amethi: उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद के बाजार शुकुल थाना क्षेत्र में मंगलवार को युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। भारत गैस एजेंसी के पास खून से लथपथ युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान शाहिद उर्फ साहिल (30) पुत्र शरीफ, निवासी शुकुल बाजार कस्बा के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक का मुख्य आरोपी की बहन से बातचीत करना विवाद की जड़ था। आरोपी को यह बात नागवार गुजर रही थी। इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक की हत्या की साजिश रची। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि तलवार से वार कर शाहिद की जान ली गई।
मामले में पुलिस ने सुहेल पुत्र नियाजुद्दीन निवासी पूरे लोहांगी मजरे दक्खिनगांव क्यार और अभिषेक पाल पुत्र दान बहादुर पाल निवासी ग्राम मवैया रहमतगढ़ को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक एचएफ डीलक्स बिना नंबर प्लेट मोटरसाइकिल, एक स्प्लेंडर प्लस (यूपी 36 वी 5268), मृतक का मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया गया।
अमेठी में दर्दनाक सड़क हादसा, आमने-सामने भिड़ीं बाइकें; दो की मौत
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हत्या के बाद तलवार को मवइया चौराहे से आगे नाले के किनारे छिपा दिया था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली। बरामदगी के बाद पुलिस ने साक्ष्यों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक बाजार शुकुल विवेक वर्मा ने बताया कि घटना में एक बाल अपचारी की भी संलिप्तता पाई गई है, जिसे नियमानुसार पुलिस निगरानी में लिया गया है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) और 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
अमेठी में दिनदहाड़े कई राउंड फायरिंग, गोलियों की आवाज से दहशत; जानिये क्यों बरपा कहर
इस हत्याकांड ने एक बार फिर समाज में तथाकथित ‘इज्जत’ के नाम पर बढ़ती हिंसा को उजागर कर दिया है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पुख्ता साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
Location : Amethi
Published : 25 February 2026, 6:52 PM IST
Topics : amethi news crime news Honour killing up crime UP News