सोनभद्र: गुड टच-बैड टच की जागरूकता से बड़ा सच आया सामने, मासूम के खुलासे से भड़का जनआक्रोश; जानिये पूरा मामला

सोनभद्र के अनपरा में एक मासूम बच्ची से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 23 March 2026, 6:33 PM IST

Sonbhadra: जनपद के अनपरा थाना क्षेत्र में एक मासूम बच्ची के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना वार्ड-14 मालवीय नगर, चाणकपुरी आवासीय परिसर की बताई जा रही है। जैसे ही बच्ची की आपबीती सामने आई, क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया और लोगों का गुस्सा आरोपी पर फूट पड़ा।

ट्यूशन के दौरान खुला मामला

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे ट्यूशन पढ़ाने आई शिक्षिका बच्चों को "गुड टच और बैड टच" के बारे में समझा रही थीं। इसी दौरान 9 वर्षीय बच्ची अचानक रोने लगी। काफी समझाने पर उसने अपने साथ हुई आपबीती बताई। बच्ची ने आरोप लगाया कि इलाके में इलेक्ट्रिकल रिपेयर का काम करने वाला एक व्यक्ति उसके साथ कई बार गलत हरकत कर चुका है। बच्ची लंबे समय से डर के कारण चुप थी, लेकिन जागरूकता के दौरान उसने हिम्मत जुटाकर सच्चाई सामने रखी।

गोरखपुर: वार्षिकोत्सव से अचानक लापता हुई 12 साल की बच्ची, रातभर चला सर्च ऑपरेशन, जानें आगे क्या हुआ?

आरोपी की पहचान

परिजनों के अनुसार आरोपी मुहम्मद फैज अली (44 वर्ष), निवासी नुरिया मोहल्ला, अनपरा बाजार, क्षेत्र में इलेक्ट्रिकल मरम्मत की दुकान चलाता था। वह घर-घर जाकर बिजली और पंखों की मरम्मत का काम करता था। इसी दौरान उसका पीड़ित परिवार के घर आना-जाना था, जिसका उसने कथित तौर पर गलत फायदा उठाया।

आक्रोशित भीड़ ने किया हमला

बच्ची की बात सुनते ही परिजन और मोहल्ले की महिलाएं गुस्से में आरोपी की दुकान पर पहुंच गईं। पहले उससे पूछताछ की गई, लेकिन मामला बढ़ने पर भीड़ ने आरोपी को दुकान से बाहर निकाल लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। देखते ही देखते वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने आरोपी को पीटते हुए करीब एक किलोमीटर तक घसीटा और सीधे अनपरा थाने ले गए।

घटना का वीडियो हुआ वायरल

इस दौरान कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में भीड़ का गुस्सा साफ देखा जा सकता है। हालांकि, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कानून को अपने हाथ में न लें और ऐसी घटनाओं की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

धनबाद में गौ-अवशेष मिलने से दो समुदायों के बीच तनाव, प्रशासन अलर्ट पर; जानिये क्या है पूरा मामला?

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया गया। पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की तैयारी है, ताकि पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके और आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जा सके।

Location : 
  • Sonbhadra

Published : 
  • 23 March 2026, 6:33 PM IST