
दहेज प्रताड़ना (Img : Google)
Gorakhpur : जिले के सहजनवा थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। एक विवाहिता ने अपने ही ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ ही महीनों बाद उसका जीवन नरक बना दिया गया और उसे कई बार मौत के मुंह में धकेलने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धर्मदासपट्टी निवासी रागिनी यादव ने सहजनवा थाने में दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 12 मई 2025 को बनौला निवासी युवक से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। परिवार ने शादी में करीब 11 लाख रुपये नकद, जेवरात और घरेलू सामान दिया था। लेकिन शादी के बाद ही ससुराल वालों का रवैया बदल गया और दहेज को लेकर ताने देना शुरू हो गया।
पीड़िता के अनुसार पति और ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त 10 लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग रखी। जब उसने यह बात अपने मायके में बताई तो आर्थिक स्थिति का हवाला देकर असमर्थता जताई गई। इसके बाद उसके साथ दुर्व्यवहार और तेज हो गया।
गोरखपुर में ट्रेनें होंगी कैंसिल और डायवर्ट : लखनऊ-वाराणसी रूट पर भी असर, चेक करें स्टेटस
रागिनी यादव ने आरोप लगाया कि 12 सितंबर 2025 को ससुराल पक्ष ने उसकी हत्या की कोशिश की। उसका गला दबाकर पंखे की कुंडी से लटकाने की कोशिश की गई, लेकिन कुंडी टूटने से उसकी जान बच गई। इस घटना ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
विवाहिता ने यह भी आरोप लगाया कि उसका देवर उसके साथ छेड़छाड़ करता था। शिकायत करने पर पति ने कोई कार्रवाई नहीं की। साथ ही उसने आरोप लगाया कि पति का अपनी जेठानी से अवैध संबंध है और परिवार उसे जबरन उसी रिश्ते में ढालना चाहता था।
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और आखिरकार उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद उसने पुलिस का सहारा लिया और पूरे परिवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस मामले पर सहजनवा थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 14 May 2026, 6:01 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News UP News UP Police